भराड़ीसैंण (गैरसैंण)27 अक्टूबर 2026
उत्तराखंड सरकार के अनुपूरक बजट 2026-27 में किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को केंद्र में रखा गया है। बजट में सबसे बड़ा प्रावधान अन्नपूर्ति योजना के तहत किसानों से धान और गेहूं की खरीद के लिए किया गया है, जिसके लिए ₹1,100 करोड़ रखे गए हैं। इससे किसानों को समय पर भुगतान और MSP का लाभ सुनिश्चित होगा।
पहाड़ी कृषि को जलवायु के अनुकूल बनाने के लिए उत्तराखंड जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना (जायका) के लिए ₹70 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
किसानों की आय बढ़ाने के लिए फूड प्रोसेसिंग पर भी जोर दिया गया है। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) के लिए ₹35 करोड़ रखे गए हैं, जिससे स्थानीय उत्पादों पर आधारित छोटे उद्यमों को बढ़ावा मिलेगा।
सहकारिता के माध्यम से मदद के लिए दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना में ₹20 करोड़ और किसान पेंशन योजना के लिए ₹9 करोड़ प्रस्तावित हैं।
वैकल्पिक आजीविका के तौर पर ट्राउट मछली पालन को बढ़ावा देने के लिए ट्राउट प्रोत्साहन योजना में ₹28 करोड़, नई मौन पालन नीति के लिए ₹1 करोड़ और गौ सदनों के निर्माण के लिए ₹9 करोड़ का प्रावधान किया गया है।(साभार सू वि)


