(नई दिल्ली)18सितंबर,2026
एशियाई खेलों के उद्घाटन समारोह के लिए भारत के ध्वजवाहक के तौर पर दो बार ओलंपिक मेडल जीतने वाली शूटर मनु भाकर और मौजूदा शॉट पुट चैंपियन तेजिंदरपाल सिंह तूर के नामों का ऐलान किया गया. यह समारोह कल शनिवार को होना है. भारत के शेफ-डी-मिशन सहदेव यादव ने कहा, “मनु भाकर ध्वजवाहकों में से एक होंगी।”
एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने पुष्टि की कि तूर दूसरे ध्वजवाहक होंगे. मनु भाकर ने 2024 पेरिस ओलंपिक में इतिहास रचा और वो स्वतंत्र भारत की पहली ऐसी एथलीट बनीं जिन्होंने ओलंपिक खेलों के एक ही संस्करण में दो मेडल जीते. तूर ने एशियाई खेलों के पिछले दो संस्करणों में गोल्ड मेडल जीते हैं।
एशियाई खेल एशिया का सबसे बड़ा खेल आयोजन है, जो हर चार साल में एक बार होता है. इनका आयोजन ‘ओलंपिक काउंसिल ऑफ़ एशिया’ (OCA) करता है. आने वाले खेलों में 45 देशों और क्षेत्रों के खिलाड़ी 43 खेलों में हिस्सा लेंगे. यह खेलों का 20वां संस्करण होगा और तीसरी बार होगा जब जापान इस बड़े महाद्वीपीय आयोजन की मेज़बानी करेगा; इससे पहले उसने 1958 में टोक्यो और 1994 में हिरोशिमा में मेज़बानी की थी।
भारत इस महाद्वीपीय आयोजन में हांग्जो 2023 के अपने रिकॉर्ड-तोड़ प्रदर्शन से भी बेहतर करने के इरादे से जा रहा है, जहाँ उसने 28 गोल्ड मेडल समेत कुल 107 मेडल जीते थे. भारत पुरुष और महिला क्रिकेट और कबड्डी, दोनों में मौजूदा चैंपियन है, जबकि पुरुष हॉकी टीम भी मौजूदा चैंपियन के तौर पर उतर रही है। (साभार एजेंसी)
