(देहरादून)08अगस्त,2026
उत्तराखंड राज्य के 10 हजार बेरोजगार युवाओं को देशभर की बहुराष्ट्रीय कंपनियों में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए तकनीकी शिक्षा विभाग प्रदेशभर में विशेष रोजगार मेलों का आयोजन करेगा। गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में दो-दो रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे। इनमें विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा, सेवायोजन एवं कौशल विकास विभाग भी भागीदारी करेंगे।
विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को अपने शासकीय आवास पर तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सभी लंबित कार्य निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है। सरकार अब तक 42 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध करा चुकी है, जिसमें स्थायी, संविदा और आउटसोर्स कार्मिक शामिल हैं।
डॉ. रावत ने बताया कि आगामी चार माह के भीतर चार रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। गढ़वाल मंडल में श्रीनगर और देहरादून तथा कुमाऊं मंडल में काशीपुर और अल्मोड़ा में रोजगार मेले आयोजित होंगे। इनमें पॉलीटेक्निक, आईटीआई और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों के पास आउट एवं अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं के साथ विद्यालयी शिक्षा के व्यावसायिक पाठ्यक्रम कर चुके युवाओं को भी रोजगार के अवसर मिलेंगे। उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों और ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं को भी निजी कंपनियों में रोजगार का अवसर दिया जाएगा।
रोजगार मेलों में शामिल होने के लिए तकनीकी शिक्षा विभाग को एक सप्ताह के भीतर निःशुल्क ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। मेलों के आयोजन में विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा, सेवायोजन और कौशल विकास विभाग की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए जल्द ही उच्च स्तरीय संयुक्त बैठक आयोजित कर रोजगार मेलों की तिथियां और कार्यक्रम अंतिम रूप दिए जाएंगे।
बैठक में मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सभी विभागीय मुख्यालयों में मीडिया सेल गठित करने के निर्देश भी दिए। मीडिया सेल का मुख्य कार्य विभागीय वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को नियमित अपडेट करना तथा सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों, विकास कार्यों और नवाचारों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना होगा। प्रत्येक मीडिया सेल में आईटी एवं तकनीकी रूप से दक्ष तीन कार्मिकों को जिम्मेदारी दी जाएगी।
बैठक में सचिव उच्च शिक्षा बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, सचिव तकनीकी शिक्षा डॉ. रंजीत सिन्हा, तकनीकी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. तृप्ता ठाकुर, निदेशक तकनीकी शिक्षा देशराज सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।(साभार)
