(नई दिल्ली)22जुलाई,2026
लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है. बुधवार को मीडिया को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को कॉरपोरेट के हवाले कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि वह छात्रों के आंदोलन का पूरी तरह से समर्थन करते हैं.
राहुल गांधी ने कहा, “पिछले कुछ दिनों से देश के छात्र आंदोलन कर रहे हैं. वे शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं. कांग्रेस पार्टी उनका पूरी तरह से समर्थन करती है.” कांग्रेस नेता ने कहा कि 40 लाख रुपये लेकर या तो नौकरी दिए जा रहे हैं या फिर अपनों को परीक्षा में पास करवाया जा रहा है.
उन्होंने कहा, “हर एक स्टूडेंट जो महसूस कर रहा है और जो कर रहा है, हम उससे 100% सहमत हैं. और कुछ दिन पहले जो हुआ है, उसके कुछ नतीजे तो होने ही चाहिए. इसमें उनकी कोई गलती नहीं है.”
राहुल गांधी ने कहा, “मेरे साथ कैसा बर्ताव किया गया, यह मेरे लिए कोई मायने नहीं रखता. मुझे इसकी परवाह नहीं है. मेरे साथ इससे भी पांच गुना बुरा बर्ताव किया जाए, तो भी मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता. असल ध्यान इस बात पर होना चाहिए कि छात्रों के साथ क्या हुआ है. ध्यान शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और उन बच्चों को जो कीमत चुकानी पड़ी है, उस पर होना चाहिए. इसलिए आप मेरे साथ जो चाहें करें. पांच बार, दस बार—मुझे कोई परवाह नहीं है. बल्कि, मुझे यह अच्छा लगता है क्योंकि मैं इससे सीखता हूं.” उन्होंने कहा, “मुझे सरकार के आरोपों की कोई परवाह नहीं है. सरकार के आरोपों का मुझ पर कोई असर नहीं पड़ता.”(साभार एजेंसी)
