(रुद्रप्रयाग)26अक्टूबर,2026
चारधाम सड़क परियोजना के तहत रुद्रप्रयाग जनपद में बनी पुल और सुरंग परियोजना का मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली और कहा कि इसका जल्द ही विधिवत लोकार्पण किया जाएगा।
चारधाम परियोजना के तहत अलकनंदा नदी पर 156 करोड़ रुपये की लागत से 200 मीटर लंबा पुल और 900.30 मीटर लंबी सुरंग बनाई गई है। संपर्क मार्ग सहित इस परियोजना की कुल लंबाई 1.18 किलोमीटर है। यह परियोजना केदारनाथ हाईवे (NH-107) को बदरीनाथ हाईवे (NH-07) से सीधे जोड़ेगी।
आज से इस पुल-सुरंग मार्ग पर ट्रायल के तौर पर आवाजाही शुरू कर दी गई है। इसके शुरू होने से केदारनाथ और बदरीनाथ जाने वाले तीर्थयात्रियों को रुद्रप्रयाग बाजार से नहीं गुजरना पड़ेगा। इससे शहर में जाम की समस्या खत्म होगी और यात्रा सुगम होगी।
सीएम धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना सरकार की प्राथमिकता है। बेहतर सड़क से स्थानीय व्यापार और रोजगार भी बढ़ेगा। उन्होंने रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर भूस्खलन रोकने के लिए चल रहे सुरक्षा कार्यों का भी जायजा लिया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन की पहल ‘एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं’ अभियान के तहत संगम लाइब्रेरी का अवलोकन किया। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की इस पहल में अब तक 2500 से अधिक पुस्तकें दान में मिल चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने भी 150 पुस्तकें दान कीं और इस पहल की सराहना की।(साभार सू वि)


