सीएम धामी ने दिए ₹110.55 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

Uttarakhand News

(पौड़ी)15जून,2026

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद पौड़ी गढ़वाल के भ्रमण के दौरान डॉ.आंबेडकर जिला विज्ञान संग्रहालय का लोकार्पण किया तथा रामलीला मैदान में आयोजित कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जनपद को ₹110.55 करोड़ की लागत वाली 19 विकास योजनाओं की सौगात देते हुए 14 योजनाओं का शिलान्यास और 5 योजनाओं का लोकार्पण किया।

विज्ञान संग्रहालय के भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने वहां विकसित विज्ञान आधारित गतिविधियों और प्रयोगात्मक शिक्षण व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अनुसंधान की भावना विकसित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। संग्रहालय में स्थापित इंटरएक्टिव मॉडल, वैज्ञानिक प्रदर्शन और आधुनिक उपकरणों को देखते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे संस्थान बच्चों में जिज्ञासा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी उन्हें प्रदर्शनों की जानकारी दी और मुख्यमंत्री ने स्वयं कई गतिविधियों में भाग लेकर बच्चों से संवाद किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने कंडोलिया मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की और रामलीला मैदान में कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ करते हुए इसे राजकीय महोत्सव के रूप में विकसित किए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और युवा प्रतिभाओं को नई पहचान देने का सशक्त मंच बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग ₹110 करोड़ की विकास परियोजनाएं क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है तथा चारधाम यात्रा लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। राज्य सरकार हाउस ऑफ हिमालयाज, एक जनपद-दो उत्पाद योजना, मिलेट मिशन, नई पर्यटन एवं फिल्म नीति, स्वरोजगार और होमस्टे योजनाओं के माध्यम से पहाड़ के अंतिम छोर तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
युवाओं के हितों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। साथ ही उत्तराखंड की सनातन संस्कृति और सामाजिक सौहार्द की रक्षा के लिए समान नागरिक संहिता (यूसीसी), धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा विरोधी कानून और सख्त भू-कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।
उन्होंने पौड़ी और श्रीनगर क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की पहली एनसीसी अकादमी, एनआईटी परिसर, गंगा संस्कृति केंद्र, सिंगटाली पुल, पौड़ी-श्रीनगर मार्ग चौड़ीकरण, झील निर्माण, ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक और खेल अवसंरचना से जुड़ी परियोजनाएं क्षेत्र के विकास, रोजगार और पर्यटन को नई गति प्रदान करेंगी।

कार्यक्रम में विधायक राजकुमार पोरी, विधायक दलीप सिंह रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष पं. राजेंद्र अण्थवाल, जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया, एसएसपी सर्वेश पंवार, सीडीओ अशोक जोशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *