दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज

National News

(नई दिल्ली)15जून,2026.

सोमवार की सुबह दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने करवट ली, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। गुरुग्राम सहित राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के कई इलाकों में सुबह-सुबह हुई बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और उमस भरी गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली। नोएडा समेत दिल्ली एनसीआर के कई इलाकों में दोपहर में तेज आंधी देखने को मिली। आसमान में काले बादल छा गए।

बारिश की बूंदों ने दिन की शुरुआत के साथ ही गर्मी के तेवर को नरम कर दिया। गुरुग्राम-दिल्ली समेत एनसीआर के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई। इस मौसमी बदलाव का सीधा असर दिन के तापमान पर देखने को मिला, जो सामान्य से कुछ डिग्री नीचे चला गया। लोगों ने इस सुहावने मौसम का आनंद लिया और कई जगहों पर लोग अपने घरों से बाहर निकलकर इस बदलाव का अनुभव करते नजर आए।

राजधानी में रविवार को गर्मी के कारण लोग बेहाल दिखे। 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 4.8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान में 2.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। अगले एक सप्ताह तक कड़ी धूप निकलने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार 20 जून तक अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *