(देहरादून)12जून,2026.
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू की अगुवानी के लिए राजधानी पूरी तरह तैयार है। दो दिवसीय दौरे लिए राष्ट्रपति आज देहरादून एयरपोर्ट पहुंच गई हैं। इसके बाद वे शनिवार को भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) की पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। इसके तहत अलग-अलग मार्गों पर रूट डायवर्जन प्लान लागू किया गया है।
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए पुलिस, खुफिया एजेंसियों और सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। राष्ट्रपति के प्रस्तावित रूट पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा सुरक्षा एजेंसियां लगातार निरीक्षण कर रही हैं। दून पुलिस शहर में प्रवेश करने वाले हर वाहन की सघन जांच कर रही है। जिले की सीमाओं पर स्थापित चेक पोस्टों पर पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच के साथ सत्यापन अभियान भी चलाया जा रहा है।
इसके अलावा शहर के सभी होटल, गेस्ट हाउस, धर्मशालाओं और लॉजों में ठहरे लोगों का सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्लान लागू किया गया है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि सुरक्षा जांच में सहयोग करें और निर्धारित यातायात निर्देशों का पालन करें।
शुक्रवार का रूट डायवर्जन प्लान:
ऋषिकेश की ओर से दून जाने वाले वाहनों के लिए : ऋषिकेश तथा भानियावाला की ओर से देहरादून शहर की ओर आने वाले वाहनों को रानीपोखरी भोगपुर से थानों होते हुए 06 नंबर पुलिया से सहस्रधारा क्रासिंग से सर्वे चौक से शहर में प्रवेश कराया जाएगा।
ऋषिकेश की ओर से मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए : ऋषिकेश से मसूरी की ओर जाने वाले वाहनों को रानीपोखरी भोगपुर से थानों होते हुए 06 नम्बर पुलिया से सहस्रधारा क्रासिंग से आईटी पार्क से साई मन्दिर होते हए मसूरी की ओर भेजा जाएगा।
हरिद्वार की ओर से देहरादून शहर जाने वाले वाहनों के लिए : हरिद्वार की ओर से देहरादन शहर की ओर आने वाले वाहनो को भानियावाला फ्लाईं ओवर सर्विस लेन से डोईवाला चौक से दूधली मार्ग की ओर भेजेते हुए कारगी चौक से देहरादून शहर की ओर प्रवेश कराया जाएगा।
हरिद्वार की ओर से मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए : हरिद्वार की ओर से मसूरी जाने वाले वाहनो को भानियावाला फ्लाईं ओवर सर्विस लेन से डोईवाला चौक से दूधली मार्ग की ओर भेजेते हुए कारगी चौक से आईएसबीटी से शिमलाबाईपास से जीएमएस रोड से कैन्ट से अनारवाला से मसरी की ओर भेजा जाएगा।
आशारोड़ी/प्रेमनगर क्षेत्र से मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए : आशारोड़ी/प्रेमनगर क्षेत्र से मसूरी जाने वाले वाहनों को आईएसबीटी से शिमला बाईपास से जीएमएस रोड से बल्लूपुर चौक से कैन्ट से अनारवाला से मसूरी की ओर भेजा जाएगा।
देहरादून शहर से हरिद्वार/ऋषिकेश जान वाले वाहनो के लिए : दून से हरिद्वार/ऋषिकेश जाने वाले वाहनों को कारगी चौक से दूधली मार्ग से डोईवाला चौक से भानियावाला सर्विस लेन से लालतप्पड से नेपाली फार्म तिराहा से ऋषिकेश /हरिद्वार की ओर भेजा जाएगा।
मसूरी से हरिद्वार/ऋषिकेश जाने वाले वाहनों के लिए : मसूरी से हरिद्वार/ऋषिकेश जाने वाले वाहनों को कुठाल गेट से ओल्ड मसूरी रोड से सांई मन्दिर से काठ बंगला पुल से किरशाली चौक से आईटी पार्क से सहस्रधारा क्रासिंग से 06 नम्बर पुलिया से महाराणा प्रताप से थानो रोड होते हए अपने गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।(साभार एजेंसी)
