(देहरादून)27मई,2026
आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने गढ़वाल मंडल के सभी जनपद प्रभारियों को सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के संबंध में कड़े निर्देश जारी किए हैं।
आईजी गढ़वाल रेंज ने निर्देश दिए हैं कि न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने त्योहार के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या माहौल खराब करने वाली गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस का सोशल मीडिया सेल सक्रिय रूप से कार्य करेगा। भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा उकसाऊ पोस्ट करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
आईजी ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति या असामाजिक तत्व क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने अथवा शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करेगा, तो उसके विरुद्ध कानून के तहत सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
त्योहार से पूर्व सभी क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर आमजन से संवाद बनाए रखने और स्थानीय स्तर पर समन्वय स्थापित करने को कहा गया है।
निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि त्योहारों के दौरान किसी भी नई परंपरा या नई प्रथा की अनुमति नहीं दी जाएगी। पूर्व वर्षों से चली आ रही परंपराओं और निर्धारित एसओपी के अनुसार ही सभी धार्मिक कार्यक्रम संपन्न कराए जाएंगे।
आईजी गढ़वाल रेंज ने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा और सहयोग के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।(साभार)
