सीएम धामी ने 276 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र

Uttarakhand News

(देहरादून)01जून,2026

देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यसेवक सदन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में विभिन्न विभागों में चयनित 276 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें वन विभाग के 109, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के 88, प्राविधिक शिक्षा विभाग के 65 तथा नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के 14 अभ्यर्थी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने सभी नवचयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करना केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि जनसेवा के नए दायित्व की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि वर्षों के कठिन परिश्रम, अनुशासन, संघर्ष और धैर्य के बाद युवाओं को यह सफलता मिली है, जो उनकी प्रतिभा, समर्पण और आत्मविश्वास का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। नकल माफियाओं और भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए उत्तराखंड में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसके परिणामस्वरूप अब युवाओं की सफलता का आधार केवल उनकी योग्यता और मेरिट है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में प्रदेश के लगभग 33 हजार युवाओं को पारदर्शी और मेरिट आधारित प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं से जोड़ा गया है। उन्होंने नवचयनित कार्मिकों से अपेक्षा की कि वे ईमानदारी, संवेदनशीलता, कार्यकुशलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की ओर अग्रसर है और उत्तराखंड सरकार भी विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आधारभूत संरचनाओं का तेजी से विकास हो रहा है, निवेश बढ़ रहा है और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ऐसी कार्यसंस्कृति को बढ़ावा दे रही है, जहां घोषणाओं से अधिक परिणाम, वादों से अधिक कार्य और राजनीति से अधिक विकास को प्राथमिकता दी जाती है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, धन सिंह रावत, रेखा आर्या, खजान दास, नरेश बंसल, सविता कपूर सहित वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।(साभार)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *