केदारनाथ यात्रा में शराब तस्करी का भंडाफोड़

Uttarakhand News

(रुद्रप्रयाग)27मई,2026.

श्रीकेदारनाथ धाम यात्रा के दौरान अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रुद्रप्रयाग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चौकी फाटा पुलिस और एसओजी रुद्रप्रयाग की संयुक्त टीम ने खच्चरों के चारे में छिपाकर ले जाई जा रही लगभग ₹3.5 लाख कीमत की 494 बोतल अवैध शराब बरामद की है। तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी सीज कर दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देश पर जनपद के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को यात्रा मार्ग पर अवैध शराब के भंडारण, बिक्री और तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में चौकी फाटा और एसओजी टीम द्वारा संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।

चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने पिकअप वाहन संख्या UK 12 CA 0723 को रोककर तलाशी ली। पहली नजर में वाहन में खच्चरों का चारा लदा दिखाई दिया, लेकिन गहन जांच करने पर चारे के भीतर छिपाकर रखी गई 494 बोतल मैकडॉवल्स शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही शराब की खेप जब्त करते हुए वाहन को सीज कर लिया।
पुलिस के अनुसार बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब ₹3.5 लाख आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुलजार अहमद के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिजनौर, उत्तर प्रदेश का निवासी बताया गया है और वर्तमान में श्रीनगर क्षेत्र में रह रहा था।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दिनेश सती, आरक्षी अंकित, आरक्षी जगदीश, आरक्षी रविन्द्र सिंह रावत और आरक्षी देवेन्द्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रुद्रप्रयाग पुलिस ने अपील करते हुए कहा है कि श्री केदारनाथ धाम की पवित्र यात्रा की मर्यादा भंग करने वाले और अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।(साभार )

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *