(नई दिल्ली)10मई,2026
शंघाई में आयोजित तीरंदाजी विश्व कप प्रतियोगिता 2026 में भारतीय महिला रिकर्व टीम ने तीरंदाजी विश्व कप 2026 के दूसरे चरण में इतिहास रच दिया. दीपिका कुमारी, अंकिता भगत और कुमकुम मोहोद की भारतीय टीम ने मेजबान चीन को शूट-ऑफ में हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया.
रोमांचक अंतिम मुकाबले में भारत ने पहला सेट जीता, लेकिन चीन ने वापसी करते हुए मुकाबला बराबर कर दिया. निर्धारित चार सेट के बाद स्कोर बराबर रहने के कारण मैच का नतीजा शूट-ऑफ में निकला.
भारतीय टीम ने निर्णायक क्षणों में संयम बनाए रखते हुए 5-4 (28-26) से जीत दर्ज की. अनुभवी दीपिका ने दबाव के बीच अंतिम ‘शूट-ऑफ’ तीर पर अहम नौ अंक जुटाकर भारत को 2021 के बाद पहला विश्व कप स्वर्ण पदक दिलाया.
इससे पहले भारत ने सेमीफाइनल में रिकॉर्ड 10 बार के ओलंपिक चैंपियन दक्षिण कोरिया को हराकर बड़ा उलटफेर किया था.(साभार एजेंसी)
