आईसीयू सेवाओं में अंतर्राष्ट्रीय गुणवत्ता के मानक होंगे स्थापित-डा.आर.राजेश कुमार

Uttarakhand News

(देहरादून)28सितम्बर,2025.

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में उत्तराखंड सरकार ने राजकीय और निजी अस्पतालों में आईसीयू सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के लिए गंभीर पहल शुरू की है। इसी कड़ी में स्वास्थ्य सचिव डॉ.आर.राजेश कुमार की अध्यक्षता में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला में प्रदेश के राजकीय और निजी मेडिकल कॉलेजों व चिकित्सालयों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आईसीयू संचालन के मानक तय करने और सेवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर की गुणवत्ता से जोड़ने के लिए अपने सुझाव दिए। इस कार्यशाला से प्राप्त सिफारिशों को संकलित कर सुप्रीम कोर्ट को भेजा जाएगा।

स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय ने सभी राज्यों से आईसीयू संचालन संबंधी गाइडलाइन को और प्रभावी बनाने के सुझाव मांगे हैं। इसी क्रम में आयोजित इस कार्यशाला में विशेषज्ञों ने आईसीयू की परिभाषा, आधारभूत ढांचा, भौतिक आवश्यकताएं, उपकरण व तकनीक, संचालन हेतु मानव संसाधन मानक, संक्रमण नियंत्रण, गुणवत्ता आश्वासन और सुरक्षा, प्रशिक्षण, अनुसंधान और विस्तार जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया।

डॉ. उर्मिला परालिया (प्रोफेसर, अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज), डॉ. अतुल कुमार सिंह (प्रोफेसर, दून मेडिकल कॉलेज), डॉ. शोभा (प्रोफेसर, दून मेडिकल कॉलेज), डॉ. वरुण प्रकाश (प्रोफेसर, श्रीनगर मेडिकल कॉलेज) और डॉ. प्रणव (प्रोफेसर, दून मेडिकल कॉलेज) ने आईसीयू संचालन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया।

स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि इस कार्यशाला से प्राप्त सुझावों को सुप्रीम कोर्ट को भेजने के साथ ही इन्हें प्रदेश में लागू करने के प्रयास किए जाएंगे। इससे न केवल आईसीयू संचालन को मानक रूप मिलेगा बल्कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आईसीयू सेवाओं के मानकों को स्थापित कर “मॉडल स्टेट” बनेगा।

इस कार्यशाला में स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा, डॉ. शिखा जंगपांगी, डॉ. अजय आर्या, डॉ. आर.सी. पंत (निदेशक), डॉ. अमलेश कुमार सिंह (सहायक निदेशक), डॉ. लोकेश सैनी (एम्स ऋषिकेश), डॉ. रोहिताश शर्मा (महंत हॉस्पिटल), डॉ. अतुल कुमार (ग्राफिक एरा हॉस्पिटल), डॉ. नावेद (सुभारती), डॉ. सोनिका (हिमालयन हॉस्पिटल), डॉ. अशोक (साईं हॉस्पिटल), डॉ. संदीप (मेट्रो हॉस्पिटल), डॉ. ऋषि सोलंकी (केवीआर), डॉ. गुरविंदर सिंह (सहोता हॉस्पिटल), डॉ. राहुल (अल्ट्रस हेल्थकेयर), डॉ. आकाश (मैक्स हॉस्पिटल) सहित विभिन्न संस्थानों के विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद रहे।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *