(देहरादून)27सितम्बर,2025.
देहरादून जिला के जिलाधिकारी सविन बंसल ने भंडारीबाग रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल इस महत्वाकांक्षी परियोजना की धीमी रफ्तार पर नाराज़गी जताते हुए उन्होंने कार्यदायी संस्था को फटकार लगाई और स्पष्ट कहा कि “जनहित से जुड़े विकास कार्यों में लेटलतीफी किसी भी सूरत में क्षम्य नहीं है।”
डीएम ने निर्देश दिए कि ओवरब्रिज का निर्माण कार्य निर्धारित समय में हर हाल में पूरा होना चाहिए। इसके लिए एसडीएम सदर और लोनिवि के एक्सियन को नोडल अधिकारी नामित किया गया है, जो रेलवे अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर गार्डर ब्रिज प्लेसमेंट और अन्य निर्माण कार्यों की क्लोज मॉनिटरिंग करेंगे। जिलाधिकारी स्वयं भी प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग करेंगे।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि शहर के बीचो-बीच वर्षों से अधूरा छोड़ा गया यह प्रोजेक्ट जनता के लिए असुविधा का कारण बना हुआ है। इसके चलते देहरादून शहरवासियों को रोज़ाना जाम की समस्या झेलनी पड़ रही है, जो उचित नहीं है।
गौरतलब है कि भंडारीबाग आरओबी परियोजना सहारनपुर रोड पर वाहनों का दबाव कम करने और ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से शुरू की गई थी। इस पुल के निर्माण से भंडारीबाग को रेसकोर्स चौक से जोड़ा जाएगा, जिससे प्रिंस चौक और हरिद्वार रोड के बीच आवागमन सुगम हो सकेगा(साभार एजेंसी)
