(गुवाहाटी,असम)14सितम्बर,2025.
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा असम को विकास और विरासत से समृद्ध बना रही है। असम की भाजपा सरकार नई शिक्षा नीति लागू कर रही है। कांग्रेस ने पूर्वोत्तर के महान सपूतों को सम्मान नहीं दिया। कांग्रेस ने कभी योद्धाओं को सम्मान नहीं दिया। भाजपा ने इनको सम्मान दिया। कांग्रेस ने जिसकी उपेक्षा की हम उसे अग्रिम पंक्ति में लेकर चल रहे हैं। असम में हमारी सरकार मां कामाख्या कॉरिडोर बना रही है। अब असम में पर्यटन का दायरा बढ़ रहा है। विकास के इन प्रयासों के बीच असम के सामने कई चुनौती है। यह चुनौती घुसपैठ की है। कांग्रेस ने घुसपैठ को बढ़ावा दिया। मोदी सरकार असम के लोगों से मिलकर घुसपैठियों का मुकाबला कर रही है। हम घुसपैठियों से जमीन मुक्त करा रही है। आदिवासियों और लाखों परिवारों को भूमि के पट्टे दिए जा रहे हैं।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि वो दिन भूलने नहीं है कि पिछली सरकार बांस काटने पर जेल में डाल देती थी। बांस आदिवासियों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है। हमारी सरकार से बांस काटने से बैन हटा दिया। आज यह फैसला पूर्वोत्तर के लोगों को फायदा पहुंचा रहा है। मेक इन असम और मेक इन इंडिया की नींव मजबूत होने वाली है। अब असम की पहचान में पोलीप्रापाइलीन से बने उत्पाद होंगे। असम आत्मनिर्भर भारत अभियान का केंद्र है। असम को हमने बहुत बड़े अभियान के लिए चुना है। यह अभियान है सेमी कंडक्टर मिशन। गुलामी के दौर में असम की उतनी पहचान नहीं थी। अब असम की मिट्टी और लोगों ने असम को ग्लोबल ब्रांड बना दिया है। भारत को आत्मनिर्भर होने के लिए ऊर्जा और सेमीकंडक्टर चाहिए। असम की इसमें बड़ी भूमिका है। आज हर इलेक्ट्रॉनिक चीज की आत्मा छोटी चिप में होती है। यह चिप भारत में ही बनेगी। सेमी कंडक्टर का बड़ा आधार असम को बनाया है। असम में 27 हजार करोड़ से प्रोजेक्ट बन रहा है। कांग्रेस ने असम में कई दशकों तक सरकार चलाई है। कांग्रेस ने असम को कुछ नहीं दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि मैंने समुद्र मंथन की बात कही थी। हमने नेशनल डीप वाटर एक्सप्लोरेशन मिशन शुरू करने की तैयारी की है। ग्रीन ऊर्जा उत्पादन के मामले में भारत तेजी से कदम उठा रहा है। एक दशक पहले भारत सोलर पॉवर के मामले में काफी पीछे था। अब भारत आगे बढ़ा है। भारत को गैस और ईंधन के मामले में कई विकल्पों की जरूरत है। आज यहां बांस से एथेनॉल बनाने की शुरुआत हुई है। इसका असम के लोगों को फायदा होगा। सरकार यहां के किसानों को बांस की खेती करने में मदद करेगी और खरीदी भी करेगी।
असम में पीएम मोदी ने कहा कि असम को 12 हजार करोड़ की सौगात दी गई है। ये उद्यम असम के विकास को गति देंगे। मैं सभी को प्रोजेक्ट्स के लिए बधाई देता हूं। भारत दुनिया का सबसे तेजी से विकसित होने वाला देश है। जैसे-जैसे भारत विकसित हो रहा है, वैसे-वैसे बिजली, ईंधन की जरूरतें बढ़ रही हैं। हम इन चीजों के लिए विदेशों पर निर्भर रहे हैं। हमारे पैसों से विदेशों में रोजगार बनते हैं। इसको बदला जाना जरूरी है। भारत आत्मनिर्भर बनने की राह पर बढ़ चला है।
असम को पेट्रो फ्लूइडाइज्ड कैटेलिटिक क्रैकर इकाई की सौगात
प्रधानमंत्री ने असम के नुमालीगढ़ में 7,230 करोड़ रुपये की पेट्रो फ्लूइडाइज्ड कैटेलिटिक क्रैकर इकाई की आधारशिला रखी।
पीएम मोदी ने असम बायोएथेनॉल संयंत्र का किया उद्घाटन
गोलाघाट के नुमालीगढ़ में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड (एनआरएल) में असम बायोएथेनॉल संयंत्र का उद्घाटन किया और नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड (एनआरएल) में पॉलीप्रोपाइलीन संयंत्र की आधारशिला भी रखी। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी पीएम के साथ मौजूद थे।
पीएम मोदी ने दरांग ने नई परियोजना का निरीक्षण किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दरांग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, GNM स्कूल और BSc नर्सिंग कॉलेज, गुवाहाटी रिंग रोड परियोजना और ब्रह्मपुत्र नदी पर कुरुवा-नरेंगी पुल का निरीक्षण किया।
असम में घुसपैठियों से लाखों एकड़ जमीन वापस ली गई- पीएम मोदी
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा- पिछली कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में किसानों की जमीन और धार्मिक स्थलों पर अतिक्रमण किया गया था। भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार बनने के बाद से, हमने उन गलतियों को सुधारना और अवैध दावों को हटाना शुरू कर दिया है। असम में घुसपैठियों से लाखों एकड़ जमीन वापस ली गई है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘भाजपा का उद्देश्य देश को घुसपैठियों से बचाना और उसकी अखंडता को बहाल करना है। मैं उन राजनेताओं को चुनौती देता हूं जो घुसपैठियों का बचाव करते हैं कि वे आगे आएं और इस मुद्दे का सामना करें। वे दिखाएं कि हमने घुसपैठियों को हटाने के लिए जो प्रयास किए हैं, उनकी तुलना में उन्होंने क्या प्रयास किए हैं। घुसपैठियों को पनाह देने वालों को इसकी कीमत चुकानी होगी; देश उन्हें माफ नहीं करेगा।’
‘कांग्रेस ऐसी विचारधारा से जुड़ती है जो भारत विरोधी है’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, ‘अपनी राजनीति के लिए कांग्रेस ऐसी विचारधारा से जुड़ती है जो भारत विरोधी है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी यही देखने को मिला… पाकिस्तान के कोने-कोने में आतंकवादियों के सरगनाओं को खत्म किया गया, लेकिन कांग्रेस भारतीय सेना के बजाय पाकिस्तानी सेना के साथ खड़ी रही। हमारी सेना के साथ खड़े होने के बजाय, कांग्रेस पार्टी के लोग आतंकवादियों को पालने वालों के एजेंडे को बढ़ावा देते हैं। पाकिस्तान का झूठ कांग्रेस का एजेंडा बन जाता है। इसलिए आपको कांग्रेस से हमेशा सावधान रहना होगा… आज कांग्रेस आक्रांताओं और देशद्रोहियों की बहुत बड़ी संरक्षक बन गई है।’
‘अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए स्वदेशी सामान खरीदें’
असम के दरांग में एक जनसभा में प्रधानमंत्री मोदी ने जनता से अपील की सभी स्वदेशी को अपनाएं और अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए स्वदेशी सामान खरीदें। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि- कांग्रेस, भारतीय सेना का समर्थन करने के बजाय, पाकिस्तान की तरफ से पाले गए आतंकवादियों का समर्थन करती है। कांग्रेस घुसपैठियों और राष्ट्र-विरोधी ताकतों को संरक्षण देती है।
नवरात्रि के पहले दिन, जीएसटी के दरों में होगी कमी- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दौरान कहा, ‘अब जीएसटी में अगली पीढ़ी के सुधार होंगे। मैं आज यह खुशखबरी लेकर आपके सामने आया हूं। आज से ठीक नौ दिन बाद, नवरात्रि के पहले दिन, जीएसटी की दरों में उल्लेखनीय कमी की जाएगी। इससे देश के हर परिवार को लाभ होगा और रोजमर्रा की चीजें सस्ती होंगी।’
‘विकसित भारत के संकल्प में उत्तर पूर्व की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘इस मंच से लगभग 6,500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया है। हमारी डबल इंजन सरकार असम को कनेक्टिविटी और उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवा के केंद्र में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है। ये परियोजनाएं इस विजन को प्राप्त करने के प्रति हमारे समर्पण को और सुदृढ़ करेंगी। पूरा देश आज एकजुट होकर, एक विकसित भारत के निर्माण के लिए आगे बढ़ रहा है। विशेषकर हमारे युवा साथी। उनके लिए, एक विकसित भारत एक सपना भी है और संकल्प भी। इस संकल्प की पूर्ति में हमारे उत्तर पूर्व की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका है… 21वीं सदी के 25 वर्ष बीत चुके हैं। अब 21वीं सदी का अगला भाग पूर्व का है, उत्तर पूर्व का है।’
पीएम मोदी ने असम से कांग्रेस पर साधा निशाना
असम में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा- पूर्वोत्तर में कनेक्टिविटी पर ध्यान देने से व्यवसायों को मदद मिली, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं। पीएम मोदी ने आगे कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक असम पर शासन किया लेकिन ब्रह्मपुत्र नदी पर केवल 3 पुल बनाए, जबकि हमने पिछले 10 वर्षों में छह पुल बनाए।
पीएम मोदी ने दर्शकों से किया संवाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम में जनसभा को संबोधित कर रहे थे, तभी एक व्यक्ति ने उन्हें और उनकी मां की एक पेंटिंग हाथ में पकड़ी और उनकी तारीफ की। उन्होंने कहा, ‘मैं तुम्हें जरूर एक पत्र लिखूंगा। तुमने बहुत सुंदर चित्र बनाया है। मैं तुम्हारा बहुत आभारी हूं।’
140 करोड़ देशवासी मेरा रिमोट कंट्रोल हैं- पीएम मोदी
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘…मेरे लिए तो जनता-जनार्दन ही मेरा भगवान है और मेरे भगवान के पास जाकर मेरी आत्मा की आवाज वहां नहीं निकलेगी तो और कहां निकलेगी। यही मेरे मालिक हैं, यही मेरे पूजनीय हैं, यही मेरा रिमोट कंट्रोल हैं और कोई मेरा रिमोट कंट्रोल नहीं है। 140 करोड़ देशवासी मेरा रिमोट कंट्रोल हैं…’
आज असम देश-दुनिया में धूम मचा रहा है- पीएम मोदी
दरांग में एक सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘आज भारत दुनिया में सबसे तेजी से विकास करने वाले देशों में से एक है और असम भी सबसे तेजी से विकास करने वाले राज्यों में से एक है।’ पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि सरकार और असम वासियों के साझा प्रयास से आज असम देश-दुनिया में धूम मचा रहा है। भाजपा की डबल इंजन सरकार असम की संस्कृति की रक्षा और विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। साथियों भाजपा सरकार असम को भारत के विकास का ग्रोथ इंजन बनाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है।
‘मैं भगवान शिव का भक्त हूं, सारा जहर निगल लेता हूं’
असम में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा- ‘ये कांग्रेस वाले मुझे कितनी ही गालियां दे, मैं भगवान शिव का भक्त हूं, सारा जहर निकाल लेता हूं… लेकिन जब किसी और का अपमान होता है, तो मैं इसे बर्दाश्त नहीं कर सकता। आप लोग मुझे बताएं, क्या भूपेन दा को भारत रत्न से सम्मानित करने का मेरा फैसला सही है या गलत? क्या कांग्रेस पार्टी द्वारा उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करने के लिए किया गया अपमान सही है या गलत?’
कांग्रेस ने भूपेन दा के सम्मान का माखौल उड़ाया- पीएम
पीएम मोदी ने दरांग में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘भारत रत्न सुधाकंठा भूपेन हजारिका जी का जन्मदिन हम पहले ही मना चुके हैं। कल मुझे उनके सम्मान में आयोजित एक बहुत बड़े कार्यक्रम का हिस्सा बनने का अवसर मिला। मुख्यमंत्री जी ने मुझे कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष का एक वीडियो दिखाया, और इसे देखकर मुझे बहुत दुख हुआ। जिस दिन भारत सरकार ने इस देश के महान सपूत, असम के गौरव, भूपेन हजारिका जी को भारत रत्न दिया था। कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष ने कहा था कि मोदी नाचने-गाने वालों को भारत रत्न दे रहे हैं। 1962 में चीन के साथ युद्ध के बाद पंडित नेहरू ने जो कहा था, वो उत्तर पूर्व के लोगों के घाव आज भी नहीं भरे हैं।’
‘मां कामाख्या के आशीर्वाद से ऑपरेशन सिंदूर सफल हुआ’
असम के दरांग में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘ऑपरेशन सिंदूर के बाद कल मेरी असम की पहली यात्रा थी। मां कामाख्या के आशीर्वाद से ऑपरेशन सिंदूर बहुत बड़ी सफलता थी। आज मां कामाख्या की इस धरती पर आकर मुझे एक अलग ही पवित्र अनुभूति हो रही है और ये भी सोने पे सुहागा है कि आज इस क्षेत्र में जन्माष्टमी मनाई जा रही है। लाल किले से मैंने कहा था, मुझे चक्रधारी मोहन याद आए। मुझे श्री कृष्ण याद आए, और मैंने भविष्य की सुरक्षा नीति में एक सुदर्शन चक्र का विचार लोगों के सामने रखा है।’
पीएम मोदी ने गुवाहाटी रिंग रोड परियोजना की आधारशिला रखी
असम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुवाहाटी रिंग रोड परियोजना की आधारशिला रखी।
कुरुवा-नरेंगी पुल की पीएम ने आधारशिला रखी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रह्मपुत्र नदी पर कुरुवा-नरेंगी पुल की आधारशिला रखी, जिससे क्षेत्र में संपर्क में सुधार होगा और सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
दरांग को पीएम मोदी ने दी मेडिकल कॉलेज की सौगात
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दरांग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जीएनएम स्कूल और बीएससी नर्सिंग कॉलेज का उद्घाटन और शिलान्यास किया।( साभार एजेंसी)
