(देहरादून) 16जून,2024.
अब तक प्राप्त हुई जानकारी के अनुसार उत्तराखंड में फिलहाल गर्मी से कोई राहत नहीं मिलने वाली है। मैदानी जिलों के साथ ही पर्वतीय इलाकों में भी गर्म हवाएं खूब परेशान करेंगी। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से गर्म हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, टिहरी और अल्मोड़ा के कुछ इलाकों में गर्म हवाओं का “ऑरेंज अलर्ट” है।
प्राप्त हुई जानकारी के अनुसार उत्तराखण्ड के पर्वतीय जिलों के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। अन्य जिलों में भी भीषण गर्मी होने के साथ ही रात को भी गर्म हवाएं परेशान करेंगी। शनिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार बदले पैटर्न और जलवायु परिवर्तन के कारण प्री मानसून की बारिश में कमी आई है।