पूर्व चेतावनी से पुनर्वास तक , और ज्यादा मजबूत हुआ उत्तराखण्ड

Uttarakhand News

(देहरादून )23नवंबर,2026.

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड सरकार ने आपदा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक सक्षम, आधुनिक, तकनीक आधारित और जन-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। आपदा संभावित राज्य होने के कारण सरकार द्वारा पूर्व चेतावनी प्रणाली, त्वरित राहत एवं बचाव कार्य, आधुनिक संचार व्यवस्था, वैज्ञानिक जोखिम आकलन तथा जनभागीदारी को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रत्येक वर्ष 28 नवंबर को राज्य में आपदा प्रबंधन दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस वर्ष 25 से 28 नवंबर तक प्रदेशभर में विद्यालयों, कार्यालयों, विकासखंडों और तहसील स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम, मॉक ड्रिल एवं जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में 27 नवंबर को सचिवालय स्थित विश्वकर्मा भवन के वीर चंद्र सिंह गढ़वाली सभागार में मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगे।

उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य है, जिसने पृथक आपदा प्रबंधन विभाग स्थापित किया। वर्ष 2007 में उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) का गठन किया गया। वर्ष 2014 में स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एसडीआरएफ) गठित की गई, जबकि वर्ष 2025 में आईआरएस व्यवस्था को राज्य, जनपद एवं तहसील स्तर तक विस्तारित किया गया। वर्ष 2022 में उत्तराखण्ड लैंडस्लाइड मिटिगेशन एंड मैनेजमेंट सेंटर को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में स्थापित किया गया।

राज्य में आपदा की स्थिति पर त्वरित निगरानी और समय रहते चेतावनी जारी करने के लिए आधुनिक तकनीकों का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। विभिन्न मोबाइल नेटवर्क के माध्यम से कॉमन अलर्ट प्रोटोकॉल के जरिए चेतावनी प्रसारित करने की व्यवस्था विकसित की गई है। इसके अतिरिक्त ईआरएसएस-112, पुलिस एवं फॉरेस्ट वायरलेस, ई-मेल और सोशल मीडिया के माध्यम से बहु-चैनल चेतावनी प्रणाली संचालित है।

प्रदेश में 434 सेटेलाइट फोन उपलब्ध कराए गए हैं। भूदेव एवं सचेत ऐप के माध्यम से भी आपदा संबंधी चेतावनियां प्रसारित की जा रही हैं। नई सेल ब्रॉडकास्ट आधारित प्रणाली का सफल परीक्षण किया गया है, जिसके माध्यम से बिना किसी ऐप अथवा इंटरनेट के सीधे मोबाइल फोन पर अलर्ट भेजा जा सकता है।
राज्य में कुल 525 हाइड्रो-मौसमी सेंसर स्थापित किए गए हैं। इनमें 432 मौसम सेंसर, 87 हाइड्रोलॉजिकल सेंसर, 3 डॉप्लर वेदर रडार और 3 लाइटनिंग सेंसर शामिल हैं।

आपदा प्रबंधन को समुदाय आधारित बनाने के उद्देश्य से नागरिकों, स्कूली बच्चों, एनसीसी, एनएसएस, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स तथा माई भारत स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण से जोड़ा गया है। वर्ष 2020-21 से 2025-26 तक आयोजित 2,339 प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से 2,69,038 प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया गया। अकेले वर्ष 2025-26 में 972 प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिए 1,19,497 लोगों को प्रशिक्षण दिया गया।
युवा आपदा मित्र और आपदा सखी योजनाओं के माध्यम से भी स्थानीय स्तर पर आपदा से निपटने की क्षमता विकसित की जा रही है।

प्रदेश में जीआईएस आधारित जोखिम मानचित्रण, बाढ़ एवं जलभराव की संभावनाओं का आकलन तथा संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की व्यवस्था विकसित की गई है। ग्लेशियल झीलों के जोखिम का वैज्ञानिक आकलन और निगरानी तंत्र भी मजबूत किया गया है। चमोली स्थित वसुधारा ताल में राज्य की पहली सेंसर आधारित ग्लेशियल लेक पूर्व चेतावनी प्रणाली स्थापित की गई है। वर्ष 2025-26 में वनाग्नि, चारधाम यात्रा, बाढ़, भूकंप और मानसून सहित विभिन्न आपदा परिदृश्यों पर राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की गईं। 2 जुलाई 2026 को राज्य स्तरीय मानसून मॉक ड्रिल भी आयोजित की गई।

यूएसडीआरएफ परियोजना के अंतर्गत 36 पुलों का निर्माण, 8 सड़कों पर सड़क सुरक्षा कार्य, आपदा आश्रयों का निर्माण, राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र का सुदृढ़ीकरण तथा हाइड्रोमेट एवं पूर्व चेतावनी तंत्र को मजबूत करने जैसे कार्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त एसडीआरएफ को खोज, बचाव एवं संचार उपकरण उपलब्ध कराने तथा 18 फायर स्टेशन/प्रशिक्षण केंद्रों के निर्माण एवं उपकरण उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है।

जीआईएस, हाइड्रोमेट सेंसर, डॉप्लर रडार, लाइटनिंग सेंसर, सीसीटीवी, सैटेलाइट फोन और सेल ब्रॉडकास्ट जैसी आधुनिक तकनीकों को आपदा प्रबंधन व्यवस्था का हिस्सा बनाया गया है। राजस्व, पुलिस, अग्निशमन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जल पुलिस, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, कृषि, सिंचाई एवं अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है।

मुख्यमंत्री के अनुरोध पर केंद्र सरकार द्वारा राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) एवं राष्ट्रीय आपदा मोचन निधि (एनडीआरएफ) के अंतर्गत विभिन्न मदों में दी जाने वाली सहायता राशि के मानकों में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है।

प्रमुख संशोधित सहायता राशि इस प्रकार है—
आपदा में मृत्यु होने पर अनुग्रह सहायता ₹4 लाख से बढ़ाकर ₹8 लाख प्रति मृतक की गई है।
60 प्रतिशत से अधिक गंभीर दिव्यांगता के लिए सहायता ₹2.50 लाख से बढ़ाकर ₹3.20 लाख प्रति व्यक्ति की गई है।
वर्षा आधारित फसलों के लिए इनपुट सब्सिडी ₹8,500 से बढ़ाकर ₹11,000 प्रति हेक्टेयर की गई है।
सुनिश्चित सिंचाई वाली फसलों के लिए सहायता ₹17,000 से बढ़ाकर ₹22,000 प्रति हेक्टेयर की गई है।
बारहमासी एवं बागवानी फसलों के लिए सहायता ₹22,500 से बढ़ाकर ₹30,000 प्रति हेक्टेयर की गई है।
रेशम उत्पादन के लिए सहायता ₹6,000 से बढ़ाकर ₹7,800 प्रति हेक्टेयर की गई है।
बड़े पशुओं की क्षति पर सहायता ₹37,500 से बढ़ाकर ₹50,000 प्रति पशु तथा छोटे पशुओं के लिए ₹4,000 से बढ़ाकर ₹5,100 प्रति पशु की गई है।
सूखाग्रस्त क्षेत्रों में बड़े पशुओं के लिए सहायता ₹32,000 से बढ़ाकर ₹41,000 तथा छोटे पशुओं के लिए ₹20,000 से बढ़ाकर ₹25,400 प्रति पशु की गई है।
पोल्ट्री के लिए सहायता ₹100 से बढ़ाकर ₹130 प्रति पक्षी की गई है।
मैदानी क्षेत्रों में पूर्णतः क्षतिग्रस्त मकान के लिए सहायता ₹1.20 लाख से बढ़ाकर ₹1.60 लाख तथा पहाड़ी एवं दुर्गम क्षेत्रों में ₹1.30 लाख से बढ़ाकर ₹1.70 लाख की गई है।
आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त पक्के मकान के लिए सहायता ₹6,500 से बढ़ाकर ₹8,500 तथा कच्चे मकान के लिए ₹4,000 से बढ़ाकर ₹5,500 की गई है।

राज्य सरकार का लक्ष्य आपदा प्रबंधन को केवल राहत एवं बचाव तक सीमित न रखते हुए पूर्व तैयारी, वैज्ञानिक आकलन, त्वरित प्रतिक्रिया और पुनर्वास की एक समन्वित व्यवस्था के रूप में विकसित करना है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में किए जा रहे ये प्रयास उत्तराखण्ड को आपदा के प्रति अधिक सक्षम, सुरक्षित और जागरूक राज्य बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रहे हैं।(साभार सू वि)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *