(देहरादून)19नवंबर,2026
उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने कहा कि विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी देश की वैज्ञानिक क्षमता को नई मजबूती दे रही है। महिलाओं के आगे आने से शोध और तकनीक को नया दृष्टिकोण मिल रहा है और समाज में भी सकारात्मक बदलाव आ रहा है, जो विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत कर रहा है।
राज्यपाल ने इसी दिशा में आज वीर माधो सिंह भण्डारी उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित ‘STEM में महिला सहभागिता हेतु हितधारक समन्वय’ कार्यशाला का उद्घाटन किया। इस कार्यशाला में विभिन्न विश्वविद्यालयों, संस्थानों, शोधकर्ताओं, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसका उद्देश्य विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए ठोस रणनीति तैयार करना है।
राज्यपाल ने कहा कि आज हमारी बेटियां विज्ञान, अंतरिक्ष अनुसंधान, तकनीक और अभियांत्रिकी के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा से नई पहचान बना रही हैं। वे देश के बड़े वैज्ञानिक मिशनों से लेकर स्टार्टअप तक हर जगह अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। उन्हें आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा, अनुसंधान और तकनीकी प्रशिक्षण के समान अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। स्कूल से लेकर विश्वविद्यालय तक बेटियों को प्रोत्साहित करना हम सबकी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में महिला STEM सहभागिता पर श्वेत पत्र तैयार करने की पहल इसी दिशा में महत्वपूर्ण है। इस श्वेत पत्र से राज्य में महिलाओं की वर्तमान स्थिति, चुनौतियों और संभावनाओं का स्पष्ट आकलन होगा और नीतियां बनाने में मदद मिलेगी। यह पहल भविष्य में अन्य राज्यों के लिए भी एक मॉडल बन सकती है।
राज्यपाल ने इस अवसर पर ‘नशा मुक्त भारत ऐप हैकाथॉन’ का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की तकनीकी प्रतिभा और नवाचार नशे के विरुद्ध प्रभावी डिजिटल समाधान विकसित करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। तकनीक के माध्यम से युवा समाज को नशे के खतरे से बचाने में बड़ा योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने कहा कि नारी शक्ति और युवा शक्ति की भागीदारी से विकसित उत्तराखण्ड और विकसित भारत का संकल्प और मजबूत हो रहा है। जब महिलाएं और युवा एक साथ आगे बढ़ेंगे, तो प्रदेश और देश विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।(साभार सू वि)


