(देहरादून)30अक्टूबर,2026
उत्तराखंड राज्य में मौसम विभाग ने 30 अक्टूबर के लिए उत्तराखंड के नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज के साथ बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं भारी बारिश की भी संभावना है।
चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने संबंधित जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और आपदा मंत्री मदन कौशिक ने भी आम जनता की सुरक्षा के लिए सभी एहतियाती कदम उठाने को कहा है।
सचिव ने चारधाम यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने, खराब मौसम में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोकने और संवेदनशील क्षेत्रों में आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। लोनिवि, एनएच, बीआरओ को मशीनरी तैयार रखने को कहा गया है ताकि मार्ग बाधित होने पर तुरंत सुचारू किया जा सके।
उन्होंने लोगों से खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने और आपात स्थिति में राज्य आपातकालीन केंद्र के टोल फ्री नंबर 1070 पर सूचना देने की अपील की। बैठक में चीड़बासा में पहाड़ी से पत्थर गिरने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई।(साभार सू वि)


