केदारनाथ धाम के लिए हैली सेवाएं पुनः शुरू

Uttarakhand News

(रुद्रप्रयाग)15 सितंबर,2026

दूसरे चरण में मंगलवार यानि आज से हेली सेवाएं फिर शुरू हो गईं. सुबह मौसम साफ होते ही केदारघाटी के विभिन्न हेली पैड से केदारनाथ धाम के लिए हेली उड़ानों का संचालन शुरू कर दिया गया. लंबे अंतराल के बाद हेली सेवाओं के दोबारा शुरू होने से केदारघाटी के हेली पैडों पर फिर से रौनक लौट आई है. हेली सेवा का लाभ लेने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही भी बढ़ने लगी है. इसके साथ ही दूसरे चरण की केदारनाथ यात्रा में तेजी आने की उम्मीद है.

उड़ान संचालन की अनुमति:बरसात के मौसम में प्रतिकूल मौसम और सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए हेली सेवाओं का संचालन बंद था. यात्रा के दूसरे चरण के लिए 15 सितंबर से हेली सेवा पुनः शुरू की गई है. उड़ानों का संचालन शुरू होने से पहले नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) की ओर से संबंधित हेली कंपनियों की व्यवस्थाओं और सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया गया. निर्धारित मानकों की जांच और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही कंपनियों को उड़ान संचालन की अनुमति दी गई.

तीन सेक्टरों से आठ कंपनियां भर रहीं उड़ान:केदारनाथ धाम के लिए केदारघाटी के तीन प्रमुख सेक्टरों से कुल आठ हेली कंपनियां सेवाएं दे रही हैं. गुप्तकाशी सेक्टर से ट्रांस भारत और चिप्सन हेली, फाटा सेक्टर से थम्बी हेली, राजश हेली एविएशन, यूनाइटेड हेली और पिलग्रिम हेली एविएशन तथा शेरसी सेक्टर से हिमालय हेली और एरो एविएशन द्वारा श्रद्धालुओं को हेली सेवा उपलब्ध कराई जा रही है.

हेली सेवा संचालन पर प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी रखी जा रही है. यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा. मौसम की स्थिति और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए ही हेली उड़ानों का संचालन किया जाएगा.
-राहुल चौबे, जिला पर्यटन अधिकारी(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *