उमस और गर्म हवाओं ने झुलसाया;पहाड़ों में बारिश

Uttarakhand News

(देहरादून)04जुलाई,2026

उत्तराखण्ड में मानसून के सक्रिए होते ही मैदान से लेकर पहाड़ तक गर्मी से राहत मिली है। लेकिन मौसम के बदले पैटर्न और जलवायु परिवर्तन का सीधा असर तापमान पर देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को भी कुछ ऐसा ही हुआ। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश का सिलसिला थमा तो आधे दिन तक उमस और गर्म हवाओं ने झुलसाया।

दोपहर करीब तीन बजे के बाद मौसम बदला और बादल छाने के साथ कुछ हिस्सों में तेज दौर की बारिश ने गर्मी और उमस से राहत दिलाई। हालांकि तापमान पर कोई खास असर देखने को नहीं मिला। आंकड़ों पर नजर डालें तो दून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री बढ़ोतरी के साथ 34.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री बढ़ोतरी के साथ 24.8 डिग्री दर्ज किया गया।

ऐसा ही हाल प्रदेश के अन्य इलाकों का भी रहा और पर्वतीय इलाकों का तापमान भी सामान्य के आसपास रहा। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को दून में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गर्जन के साथ एक-दो दौर की बारिश होने की संभावना है। जबकि दिन का अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहने के आसार हैं।

पहाड़ों में भारी बारिश की चेतावनी:
प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में चार जुलाई को भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार पौड़ी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा अन्य पर्वतीय जिलों में गर्जन और बिजली चमकने के साथ तेज दौर की बारिश होने का अनुमान है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले में गर्जन और बिजली चमकने के आसार हैं। आने वाले दिनों की बात करें तो नौ जुलाई तक प्रदेश भर में मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहेगा।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *