आईजी कुमाऊँ का “जनसंवाद” कार्यक्रम

Uttarakhand News

(हल्द्वानी,नैनीताल) 08अगस्त,2026

पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कुमाऊँ श्रीमती निवेदिता कुकरेती (आईपीएस) की अध्यक्षता में कोतवाली हल्द्वानी सभागार में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सुनना, उनके त्वरित समाधान की दिशा में कार्य करना तथा पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग को और मजबूत बनाना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत आईजी कुमाऊँ द्वारा गार्द की सलामी लेने के साथ हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र ने स्मृति चिन्ह भेंट कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का संचालन एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने किया।

जनसंवाद के दौरान आईजी निवेदिता कुकरेती ने “देवभूमि का सुरक्षा कवच” अभियान के तहत नागरिकों को साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के प्रति जागरूक किया। उन्होंने ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, एआई आधारित साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश और म्यूल अकाउंट जैसे नए साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन, cybercrime.gov.in पोर्टल तथा मनी रिस्टोरेशन मॉड्यूल (MRM) के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी।

महिला एवं बाल सुरक्षा पर उन्होंने जीरो एफआईआर, महिला हेल्पलाइन-181, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, वन स्टॉप सेंटर (सखी), महिला चीता पुलिस तथा नए आपराधिक कानूनों की जानकारी साझा की। सड़क सुरक्षा के तहत गोल्डन ऑवर, राह-वीर योजना, ई-चालान प्रणाली, ANPR कैमरों और दुर्घटना रोकथाम के उपायों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।

आईजी कुमाऊँ ने नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति दोहराते हुए नागरिकों से अपील की कि वे 1800-137-7001 (Dial Against Drugs) अथवा MANAS पोर्टल के माध्यम से गोपनीय रूप से सूचना देकर पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि समाज को नशामुक्त और सुरक्षित बनाने में जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में विद्यालयों, महाविद्यालयों, व्यापार मंडलों, सामाजिक संगठनों, वरिष्ठ नागरिकों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा विभिन्न जनहित के मुद्दों पर अपने सुझाव और समस्याएं रखीं। आईजी कुमाऊँ ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए उनके समयबद्ध और प्रभावी समाधान का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर श्री रेवाधर मठपाल एसपी संचार नैनीताल, श्री विमल प्रसाद क्षेत्राधिकारी लालकुआं/हल्द्वानी, श्री विजय मेहता प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी, श्री जसवीर सिंह चौहान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली काठगोदाम, श्री दिनेश फर्त्याल प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा, श्री सुशील जोशी प्रभारी निरीक्षक थाना मुखानी, श्री भूपेंश पांडे प्रभारी निरीक्षक यातायात हल्द्वानी, श्री रमेश सिंह नेगी वाचक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल, पीआरओ आईजी कुमाऊं, पीआरओ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल, विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं, वरिष्ठ नागरिकों, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। (साभार)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *