(देहरादून)04अगस्त,2026
उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरुकुल में 17 करोड़ 80 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्वर्गीय दीपक पुंडीर की स्मृति में निर्मित सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये विकास परियोजनाएं मसूरी विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति देंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड विकास के स्वर्णिम युग की ओर अग्रसर है और प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल तथा आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ खेल, पर्यटन और एडवेंचर गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में मसूरी की पहचान देशभर में है। सरकार मसूरी के समग्र विकास के लिए पुरुकुल में सैन्य धाम का निर्माण, मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक लगभग 13 किलोमीटर सड़क के उच्चीकरण तथा जल जीवन मिशन के तहत गंगोल-पंडितवाड़ी पेयजल योजना जैसी परियोजनाओं पर तेजी से कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मालदेवता लाल पुल से सिल्ला-मोलधार होते हुए सुआखोली तक सड़क का सुदृढ़ीकरण सीआरएफ योजना के अंतर्गत किया जा रहा है। इसके अलावा ग्राम पंचायत रिखोली के सोलाह गांव में विद्युतीकरण कार्य पूर्ण हो चुका है तथा सहस्त्रधारा क्षेत्र में बाल्दी नदी और न्यू कैंट रोड क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा कार्य भी कराए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता (यूसीसी), दंगा प्रभावित संपत्ति की क्षतिपूर्ति संबंधी कानून तथा नकल विरोधी कानून लागू किए हैं। उन्होंने कहा कि नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद प्रदेश में 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां मिली हैं।
उन्होंने कहा कि स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए नई स्टार्टअप नीति, ‘एक जनपद दो उत्पाद’, ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’, ‘होम स्टे योजना’, ‘वेड इन उत्तराखण्ड’ और ‘सौर स्वरोजगार योजना’ जैसी पहलें शुरू की गई हैं। इन योजनाओं के सकारात्मक परिणामस्वरूप प्रदेश में बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है तथा नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) इंडेक्स में उत्तराखण्ड ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, वीर सिंह चौहान, नेहा जोशी, सीमा पुंडीर और लक्ष्मण सिंह रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।(साभार)
