(देहरादून)29जुलाई,2026.
देहरादून जिले को एचआईवी/एड्स मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने संक्रमण की रोकथाम, जांच और उपचार व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने का निर्णय लिया है। बुधवार को ऋषिपर्णा सभागार में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में ‘मिशन एड्स सुरक्षा’ अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें एड्स नियंत्रण कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि एचआईवी/एड्स की रोकथाम के लिए समय पर जांच, सही परामर्श और प्रत्येक जरूरतमंद तक स्वास्थ्य सेवाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को जनपद स्तर पर ठोस कार्ययोजना तैयार कर व्यापक जागरूकता एवं रोकथाम अभियान चलाने के निर्देश दिए।
डॉ. चौहान ने जनपद के हाई रिस्क क्षेत्रों की पहचान कर उनकी जीआईएस मैपिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि लक्षित अभियान चलाकर सीधे संवेदनशील वर्गों तक पहुंचा जा सके। उन्होंने सेक्स वर्कर्स, ट्रांसजेंडर समुदाय, इंजेक्टिंग ड्रग यूजर्स, वाहन चालकों और प्रवासी (माइग्रेंट) आबादी के बीच जागरूकता, काउंसलिंग और समय पर एचआईवी जांच पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को सैंपलिंग और टेस्टिंग की गति बढ़ाने, संक्रमित पाए जाने वाले व्यक्तियों को तत्काल एआरटी (एंटी रेट्रोवायरल थेरेपी) सेवाओं से जोड़ने, कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग, नियमित फॉलोअप तथा गर्भवती महिलाओं की समयबद्ध काउंसलिंग एवं जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने एचआईवी से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों, झिझक और भेदभाव को समाप्त करने के लिए तथ्यपरक एवं संवेदनशील जनजागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया। उन्होंने अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आगामी बैठकों में पुलिस, शिक्षा विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों को भी शामिल करने के निर्देश दिए।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी कि वर्ष 2025-26 के दौरान जनपद के विभिन्न अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में 85,065 लोगों की एचआईवी जांच की गई। इनमें 583 व्यक्ति एचआईवी पॉजिटिव पाए गए, जिन्हें तत्काल एआरटी केंद्रों के माध्यम से परामर्श एवं उपचार सेवाओं से जोड़ दिया गया।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.के. शर्मा, डीटीओ डॉ. मनोज कुमार वर्मा, डॉ. सुनीता हाडा, नोडल एआरटी डॉ. के.सी. पंत सहित स्वास्थ्य विभाग, एआरटी, आईसीडीसी एवं विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।(साभार एजेंसी)
