(देहरादून)25जुलाई,2026
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, देहरादून में “Model Standards for Electoral Observers” विषय पर एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में संयुक्त राज्य अमेरिका, रोमानिया, आयरलैंड, इंडोनेशिया, उज्बेकिस्तान, हंगरी और नेपाल के चुनाव प्रबंधन संस्थानों के प्रतिनिधियों सहित 20 से अधिक विश्वविद्यालयों के शिक्षाविदों तथा 400 से अधिक प्रतिभागियों ने हाइब्रिड माध्यम से सहभागिता की।
मुख्य अतिथि मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने कहा कि यह सम्मेलन भारत की उस लोकतांत्रिक भावना का प्रतीक है, जिसमें शिक्षाविदों, चुनाव प्रबंधन संस्थाओं और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों को एक मंच पर लाकर ज्ञान और अनुभव साझा किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रेक्षक की भूमिका पूरी निर्वाचन प्रक्रिया की स्वतंत्र और निष्पक्ष निगरानी करते हुए चुनाव की पारदर्शिता, निष्पक्षता और जनविश्वास को मजबूत करना है।
भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भारती ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि चुनाव प्रेक्षकों की सक्रिय एवं निष्पक्ष उपस्थिति से निर्वाचन तंत्र अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनता है।
ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी की कुलपति प्रो. तवस्सुम नकवी ने निर्वाचन आयोग द्वारा शिक्षण संस्थानों और विषय विशेषज्ञों के सहयोग से आधुनिक प्रशिक्षण मॉड्यूल विकसित करने की पहल को सराहनीय बताया।
सम्मेलन के दूसरे सत्र में सीजीएसटी देहरादून के अपर आयुक्त अरुण कुमार गुप्ता ने व्यय प्रेक्षकों की भूमिका पर विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि डिजिटल और सोशल मीडिया पर चुनाव प्रचार के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए निगरानी तंत्र को और सशक्त बनाने की आवश्यकता है.
स्टेट पुलिस ट्रेनिंग नोडल आईजी अनंत शंकर ताकवले ने पुलिस प्रेक्षकों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित तकनीकों का उपयोग भविष्य में चुनावी चुनौतियों से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। लोगऔर समाज
विशेष परिचर्चा सत्र में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने विभिन्न देशों में चुनाव प्रेक्षकों की भूमिका और चुनाव प्रबंधन के अंतरराष्ट्रीय मानकों पर चर्चा की। वहीं हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने में फील्ड मशीनरी की भूमिका को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित विभिन्न संस्थानों के शिक्षाविद, शोधार्थी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।(साभार)
