(देहरादून)23जुलाई,2026
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए कई नई कल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत दो अत्याधुनिक मोबाइल मेडिकल वैन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों और उनके परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री पोषण योजना, मुख्यमंत्री शिक्षा सामग्री योजना, मुख्यमंत्री स्वच्छता सामग्री वितरण कार्यक्रम तथा मुख्यमंत्री योग एवं वेलनेस आरोग्य योजना का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से श्रमिक परिवारों को पोषण सहायता, बच्चों को शिक्षा सामग्री, परिवारों को हाइजीन किट तथा युवाओं को निःशुल्क योग एवं वेलनेस प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। योग एवं वेलनेस योजना के तहत प्रतिवर्ष 210 बच्चों को आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 70 युवाओं को रोजगार से जोड़ने की व्यवस्था भी की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण योजना के तहत शुरू की गई मोबाइल मेडिकल वैन दूरस्थ क्षेत्रों में श्रमिकों के कार्यस्थल और आवास तक पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगी। इन वैन में एक्स-रे, ईसीजी सहित 44 प्रकार की जांचें निःशुल्क होंगी। साथ ही टेली-कंसल्टेशन के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह और तीन माह तक स्वास्थ्य की नियमित मॉनिटरिंग भी की जाएगी। इस योजना की शुरुआत पौड़ी गढ़वाल और चंपावत से की गई है, जिसे चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “श्रमेव जयते” मंत्र से प्रेरित होकर राज्य सरकार श्रमिकों को केवल श्रमशक्ति नहीं, बल्कि उत्तराखंड की विकासशक्ति मानती है। सरकार का संकल्प है कि प्रदेश के विकास में योगदान देने वाले श्रमिकों और उनके परिवारों को सुरक्षा, सम्मान और समृद्धि मिले। उन्होंने बताया कि सरकार श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा, महिला श्रमिकों के मातृत्व सहयोग, बेटियों के विवाह, घर निर्माण, औजार, साइकिल, सिलाई मशीन और वृद्धावस्था पेंशन जैसी अनेक योजनाओं के माध्यम से व्यापक सहायता प्रदान कर रही है।
मुख्यमंत्री ने सभी पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से समय-समय पर अपना पंजीकरण नवीनीकरण कराने की अपील करते हुए कहा कि इससे वे सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ निरंतर प्राप्त कर सकेंगे।
कार्यक्रम में बोर्ड के सचिव पी.सी. दुम्का ने बोर्ड की गतिविधियों और नई योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, दुर्गेश्वर लाल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।(साभार)
