(हरिद्वार)21जुलाई,2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत लगभग 235 करोड़ रुपये की चार महत्वपूर्ण आधारभूत अवसंरचना परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। उत्तराखंड निवेश एवं आधारिक संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) द्वारा संचालित इन परियोजनाओं का उद्देश्य हरिद्वार को आधुनिक, सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी के रूप में विकसित करना है। साथ ही महाकुंभ-2027 और कांवड़ यात्रा की तैयारियों को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने 43.25 करोड़ रुपये की लागत से प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर विकास परियोजना का भूमि पूजन किया। इसके अलावा 66.76 करोड़ रुपये की लागत से हर की पैड़ी एवं सुभाष घाट के पुनरुद्धार, 66.34 करोड़ रुपये से हर की पैड़ी के उत्तर क्षेत्र में आधारभूत अवसंरचना विकास तथा 58.84 करोड़ रुपये से रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनर्विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं हरिद्वार को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी बनाने के व्यापक विजन का हिस्सा हैं। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि महाकुंभ-2027 को ध्यान में रखते हुए हरिद्वार में नए घाटों और पुलों का निर्माण, प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण, यातायात व्यवस्था का आधुनिकीकरण, बहादराबाद-सिडकुल से शिवालिक नगर सड़क चौड़ीकरण, रोह नदी पर नए पुल का निर्माण तथा पतंजलि योगपीठ से फेरूपुर तक संपर्क मार्ग का विस्तार तेजी से किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेलीपोर्ट, पॉड टैक्सी परियोजना और हर की पैड़ी से चंडी देवी एवं मनसा देवी तक रोपवे परियोजना पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हरिद्वार को आस्था के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में देश के अग्रणी शहरों में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा, यूआईआईडीबी के प्रबंध निदेशक एवं प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम,मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।(साभार एजेंसी)
