मुख्य सचिव ने की “कांवड़ यात्रा” तैयारी की समीक्षा

Uttarakhand News

(देहरादून)06जुलाई,2026

मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों, जनपदों के जिलाधिकारियों एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को अपने स्तर पर यात्रा से जुड़ी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

पंचक काल में विशेष भीड़ प्रबंधन के निर्देश:
मुख्य सचिव ने कहा कि 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक आयोजित कांवड़ मेले के दौरान रूट प्लान एवं भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से 31 जुलाई से 4 अगस्त तक पंचक काल में श्रद्धालुओं की अधिक संख्या को देखते हुए अतिरिक्त तैयारियां करने के निर्देश दिए।

पेयजल,शौचालय और स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर:
बैठक में निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रियों की संख्या के अनुरूप कांवड़ पटरियों एवं प्रमुख पड़ाव स्थलों पर पेयजल और मोबाइल शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। साथ ही नियमित कूड़ा उठान, परिवहन, कीटनाशक छिड़काव, फॉगिंग एवं पथ प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मुख्य सचिव ने यात्रा मार्ग पर अस्थायी सेक्टर चिकित्सालय, बीएलएस एम्बुलेंस, बाइक एम्बुलेंस तथा प्राथमिक उपचार केंद्रों की समुचित व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।

पार्किंग और सड़क व्यवस्थाएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश:
मुख्य सचिव ने हरिद्वार में वाहनों की पार्किंग के लिए चिन्हित स्थलों की मरम्मत एवं विस्तारीकरण का कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों पर आवश्यक बैरिकेडिंग, साफ-सफाई और मार्ग सुधार कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

खाद्य सुरक्षा और बिजली व्यवस्था पर भी फोकस:
उन्होंने यूपीसीएल को विद्युत आपूर्ति का ऑडिट कराने तथा यात्रा मार्गों पर स्थायी विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए निरीक्षण एवं सैंपलिंग टीमों का गठन कर होटल, ढाबों, भंडारों, दुकानों, रेस्टोरेंट और दुग्ध विक्रेताओं की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर जोर:
मुख्य सचिव ने कांवड़ यात्रा के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने अन्य राज्यों के साथ शीघ्र अंतरराज्यीय बैठक आयोजित कर समन्वय और सहयोग सुनिश्चित करने को भी कहा।

बैठक में सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, विनोद कुमार सुमन, धीरज गर्ब्याल, अपर सचिव रीना जोशी, गढ़वाल आयुक्त आनन्द स्वरूप, हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, देहरादून के जिलाधिकारी आशीष चौहान, पौड़ी की जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, टिहरी की जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल सहित संबंधित जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे।(साभार सू वि)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *