जन्म से शिक्षा तक होगी बच्चों की डिजिटल ट्रैकिंग

Uttarakhand News

(देहरादून)03जून,2026.

मुख्य सचिव ने सचिवालय में शिक्षा विभाग के अंतर्गत विद्यार्थियों की ट्रैकिंग एवं मैपिंग को लेकर संबंधित विभागों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग को बच्चों की जन्म से लेकर शिक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों की निगरानी के लिए एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने सभी बच्चों की आभा आईडी (ABHA) और अपार आईडी (APAAR) बनाए जाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इन दोनों प्रणालियों को और अधिक उन्नत बनाकर ऐसा तंत्र विकसित किया जाए, जिससे बच्चे के जन्म से लेकर टीकाकरण, आंगनबाड़ी में प्रवेश, विद्यालय में नामांकन और शैक्षणिक उपलब्धियों तक का पूरा रिकॉर्ड एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो सके।

उन्होंने कहा कि राज्य में ऐसा डिजिटल सिस्टम विकसित किया जाना चाहिए, जिसमें बच्चे के जन्म के साथ ही उसका डेटा दर्ज हो जाए और आगे चलकर टीकाकरण, आंगनबाड़ी, स्कूल प्रवेश तथा शिक्षा से जुड़ी सभी जानकारियां स्वतः अपडेट होती रहें। इससे बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी प्रगति की प्रभावी निगरानी की जा सकेगी।

मुख्य सचिव ने यह भी निर्देश दिए कि सिस्टम के माध्यम से अभिभावकों को समय-समय पर एसएमएस भेजकर टीकाकरण, आंगनबाड़ी प्रवेश तथा विद्यालय में नामांकन जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएं। साथ ही संबंधित विभाग भी बच्चों का नियमित फॉलोअप कर सकें, जिससे कोई भी बच्चा शिक्षा या स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे।
उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीकी शिक्षा विभाग, एनआईसी और आईटीडीए को संयुक्त रूप से विचार-विमर्श कर इस महत्वाकांक्षी परियोजना का प्रारूप तैयार करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि जल्द ही इस विषय पर पुनः बैठक आयोजित कर प्रगति की समीक्षा की जाएगी।

बैठक में रविनाथ रामन, विनय शंकर पांडे, सी रविशंकर , अपर सचिव रीना जोशी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *