ITI में बढ़ेगी छात्र संख्या व सुविधाएं-मंत्री सौरभ बहुगुणा

Uttarakhand News

(देहरादून)01जून,2026.

कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने विधानसभा स्थित अपने कार्यालय कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश में संचालित आईटीआई संस्थानों की छात्र संख्या बढ़ाने तथा सुविधाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने आगामी भर्ती सत्र को देखते हुए विभागीय योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कौशल विकास विभाग की योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाई जाए, ताकि छात्र प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार के बेहतर अवसर हासिल कर सकें। उन्होंने कहा कि स्कूलों और कॉलेजों के छात्रों के अभिभावकों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें कौशल विकास कार्यक्रमों के बारे में जागरूक किया जाए। साथ ही, शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विभागीय योजनाओं से संबंधित होर्डिंग्स भी लगाए जाएं, जिससे छात्रों को इन योजनाओं की जानकारी आसानी से मिल सके।

मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बताया कि देहरादून के निरंजनपुर, श्रीनगर और अल्मोड़ा स्थित आईटीआई में टीवीएस कंपनी के सहयोग से स्थापित किए गए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन आगामी 16 जून को किया जाएगा। इसके अलावा विभाग द्वारा टाटा टेक्नोलॉजी को सौंपे गए 13 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में जुलाई माह से शॉर्ट टर्म कोर्स शुरू किए जाएंगे। इन केंद्रों के लिए आवश्यक मशीनरी और प्रशिक्षकों की व्यवस्था टाटा कंपनी द्वारा की जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के 32 आईटीआई वर्तमान में ड्यूल सिस्टम ऑफ ट्रेनिंग (डीएसटी) मॉडल पर संचालित हो रहे हैं, जिसमें छात्र छह माह संस्थान और छह माह उद्योगों में प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। अब इस मॉडल के अंतर्गत संचालित आईटीआई की संख्या बढ़ाकर 45 की जाएगी, जिससे छात्रों को उद्योग आधारित प्रशिक्षण का अधिक अवसर मिलेगा।
मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग प्रदेश में 168 नए आईटीआई प्रशिक्षकों की तैनाती करने जा रहा है, जिससे प्रशिक्षण व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा छात्रों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।

बैठक में विभाग के निदेशक संजय कुमार,संयुक्त निदेशक मनमोहन कुड़ियाल, उपनिदेशक शैलेन्द्र शर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।(साभार)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *