चारधाम हेली बुकिंग फ्रॉड का बड़ा खुलासा

Uttarakhand News

(देहरादून)30मई,2026

एसटीएफ की “चारधाम यात्रा एंटी हेली फ्रॉड सेल” ने हेली सेवा बुकिंग के नाम पर श्रद्धालुओं से ठगी करने वाले संगठित साइबर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बिहार से दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। जांच में देशभर में फैले साइबर ठगी नेटवर्क के अहम सुराग भी मिले हैं।

एसटीएफ द्वारा साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, बैंकिंग ट्रेल और मोबाइल डेटा के आधार पर बिहार में एक सप्ताह तक अभियान चलाया गया। इसके बाद नालंदा से दीपक कुमार निवासी बिहार शरीफ और विजित कुमार उर्फ मिकी निवासी शेखपुरा को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने शिकायतकर्ता को हेली सेवा टिकट बुकिंग के नाम पर फर्जी टिकट उपलब्ध कराए थे।

विवेचना के दौरान एक अन्य साइबर अपराधी शिव कुमार पासवान उर्फ फुलटून का नाम भी सामने आया, जो बिहार में दर्ज साइबर धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ में उत्तराखंड की हेली सेवा बुकिंग में भी उसकी संलिप्तता के साक्ष्य मिले हैं। उसके विरुद्ध बी-वारंट प्राप्त करने की प्रक्रिया चल रही है।

जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह फर्जी व्हाट्सएप नंबर, फेसबुक पेज, इंस्टाग्राम अकाउंट और वेबसाइट बनाकर खुद को अधिकृत हेली सेवा एजेंट बताता था। श्रद्धालुओं को “VIP दर्शन”, “तुरंत कन्फर्म टिकट” और “सीमित सीट” जैसे झूठे प्रलोभन देकर ठगी की जाती थी। ठगी की रकम विभिन्न बैंक खातों में जमा कर एटीएम के माध्यम से निकाली जाती थी और गिरोह के सदस्यों के बीच कमीशन का बंटवारा होता था।

एसटीएफ ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पांच बैंक पासबुक, एक चेकबुक, दो मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड, सिम संबंधी सामग्री, आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं। जांच में इन खातों से जुड़ी कई एनसीआरपी शिकायतें भी मिली हैं और गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों में सक्रिय पाया गया है।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि साइबर अपराधी कुछ नाबालिगों को भी इस तरह की धोखाधड़ी में शामिल कर रहे हैं। एसटीएफ ने इसे गंभीर और चिंताजनक प्रवृत्ति बताते हुए इस पहलू की भी गहन जांच शुरू कर दी है।

एसटीएफ की एंटी हेली फ्रॉड सेल अब तक चारधाम यात्रा से जुड़े 300 फर्जी सोशल मीडिया लिंक और 100 से अधिक संदिग्ध व्हाट्सएप नंबरों को ब्लॉक करा चुकी है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

एसएसपी एसटीएफ ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर बुकिंग केवल आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही करें, किसी अज्ञात व्हाट्सएप नंबर, सोशल मीडिया लिंक या संदिग्ध वेबसाइट पर भरोसा न करें तथा साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *