चारधाम यात्रा:मंत्री ने दिए स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने के निर्देश

Uttarakhand News

(देहरादून)7अप्रैल,2026.

उत्तराखंड राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने आगामी चारधाम यात्रा के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने यात्रा मार्गों पर स्थापित स्वास्थ्य परीक्षण केन्द्रों का निरीक्षण कर उन्हें सभी आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि इन परीक्षण केन्द्रों पर तैनात एम्बुलेंस की फिटनेस की जांच अनिवार्य रूप से कर ली जाए। साथ ही चारधाम कंट्रोल रूम में ईसीजी की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु पोर्टेबल मशीनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बताया कि इस यात्रा सीजन में श्री बद्रीनाथ और श्री केदारनाथ स्थित अस्पतालों का संचालन भी शुरू किया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने जांच केन्द्रों की संख्या बढ़ाने तथा सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (सीएमओ) को अलर्ट मोड में कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलेवार स्वास्थ्य उपकरणों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कमी पाए जाने पर संबंधित सीएमओ की जवाबदेही तय होगी।
उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों को “रेफरल अस्पताल” की छवि से बाहर निकालने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे तथा गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। विशेषज्ञ चिकित्सकों को उनकी विशेषज्ञता के अनुरूप जिम्मेदारी निभाने के निर्देश भी दिए गए।

विभागीय मंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं में संसाधनों के बेहतर उपयोग और सरकारी धन के दुरुपयोग पर रोक के लिए कार्यप्रणाली में सुधार की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यात्रियों को समुचित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक में सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा सचिन कुर्वे, महानिदेशक सुनीता टम्टा, एमडी मनोज गोयल, निदेशक शिखा जंगपांगी सहित सभी जिलों के सीएमओ और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।(साभार)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *