न्याय संहिता प्रदर्शनी में उमड़ा जनसैलाब

Uttarakhand News

(देहरादून)10मार्च,2026

उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा हरिद्वार के बैरागी कैंप में आयोजित “न्याय संहिता” राज्यस्तरीय प्रदर्शनी जन-जागरूकता का महत्वपूर्ण मंच बनकर उभर रही है। 7 मार्च से शुरू हुई इस प्रदर्शनी में न्याय संहिता के प्रमुख प्रावधानों, तकनीकी नवाचारों और नागरिक अधिकारों से जुड़ी जानकारियों को सरल, रोचक और आकर्षक माध्यमों से प्रस्तुत किया जा रहा है।
प्रदर्शनी के चौथे दिन मंगलवार को विभिन्न वर्गों के लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान आईटीबीपी, बीएसएफ, एनसीबी और एनआईए जैसी केंद्रीय जांच एजेंसियों तथा अर्द्धसैनिक बलों के अधिकारियों ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन कर न्याय संहिता के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी प्राप्त की।
इसके साथ ही पीटीसी नरेंद्रनगर, एटीसी हरिद्वार और एसडीआरएफ के युवा आपदा मित्रों ने आपदा प्रबंधन और कानून के समन्वय को समझा। वहीं शांतिकुंज, पीएमएस स्कूल के छात्र-छात्राओं और हरिद्वार-देहरादून के स्थानीय नागरिकों सहित करीब 3500 आगंतुकों ने प्रदर्शनी में पहुंचकर विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
आयोजकों के अनुसार प्रदर्शनी के शुभारंभ से लेकर अब तक 8 हजार से अधिक लोग इस ज्ञानवर्धक आयोजन का हिस्सा बन चुके हैं, जो समाज में न्याय संहिता को समझने की बढ़ती जागरूकता और सकारात्मक रुचि को दर्शाता है।
प्रदर्शनी के दौरान नुक्कड़ नाटकों का भी लगातार मंचन किया जा रहा है। इनके माध्यम से पीड़ित-केंद्रित न्याय, जीरो एफआईआर और पारदर्शी विवेचना जैसे विषयों को प्रभावशाली और रोचक तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है, जिसे आगंतुकों द्वारा काफी सराहा जा रहा है।
आयोजकों ने बताया कि यह प्रदर्शनी 11 मार्च तक आमजन के लिए खुली रहेगी। लोगों से अपील की गई है कि अधिक से अधिक संख्या में बैरागी कैंप पहुंचकर न्याय संहिता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त करें।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *