नेपाल चुनाव में बालेंद्र की पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की

International News

(काठमांडू) 8मार्च,2026

रैपर से नेता बने बालेंद्र शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) नेपाल में सरकार बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है. पार्टी ने नेपाल के आम चुनाव में भारी बहुमत से जीत हासिल की है, जिससे राजनीतिक रूप से अस्थिर देश में स्थापित पुरानी पार्टियों का सफाया हो गया है।

नेपाल के निर्वाचन आयोग (ईसी) के अनुसार, रवि लामिछाने द्वारा 2022 में गठित इस पार्टी ने उन 165 सीट में से 117 सीट पर पहले ही जीत हासिल कर ली है जिनके लिए प्रत्यक्ष मतदान प्रक्रिया के तहत निर्वाचन किया जाता है. जबकि प्रतिनिधि सभा के चुनाव में पार्टी आठ अन्य सीट पर आगे है।

निर्वाचन आयोग द्वारा अब तक 165 सीट में से 152 सीट के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं. नेपाली कांग्रेस (एनसी) 17 सीट जीतकर दूसरे स्थान पर है. प्रधानमंत्री के पद से हटाए गए के पी शर्मा ओली की नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एकीकृत मार्क्सवादी-लेनिनवादी) ने केवल सात सीट जीती हैं और तीन सीट पर आगे है।

नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एनसीपी) सात सीट पर विजयी रही और श्रम संस्कृति पार्टी ने दो सीट पर जीत दर्ज की है और एक पर आगे है जबकि राष्ट्रीय प्रजापति पार्टी (आरपीपी) ने एक सीट जीती है। जीतने वालों में एक निर्दलीय उम्मीदवार भी शामिल है।

निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, आरएसपी ने काठमांडू घाटी के तीन जिलों के सभी 15 निर्वाचन क्षेत्रों में अन्य पार्टियों का सूपड़ा साफ कर दिया है।

‘बालेन’ के नाम से मशहूर आरएसपी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार 35 वर्षीय बालेंद्र शाह ने झापा-5 निर्वाचन क्षेत्र में नेपाल की सबसे पुरानी पार्टी नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एकीकृत मार्क्सवादी-लेनिनवादी) (सीपीएन-यूएमएल) के अध्यक्ष और चार बार के पूर्व प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली को लगभग 50,000 वोट के भारी अंतर से हराया.

नेपाल के निर्वाचन आयोग (ईसी) ने बताया कि ‘बालेन’ को 68,348 वोट मिले जबकि 74 वर्षीय ओली को 18,734 वोट मिले. बालेन का नेपाल का अगला प्रधानमंत्री बनने की संभावना है. वहीं, इस चुनाव में आरएसपी की जीत देश में स्थापित दलों को जनता द्वारा नकारे जाने को दर्शाती है।

बालेन हिमालयी देश के पहले मधेसी प्रधानमंत्री होंगे और साथ ही नेपाल के संसदीय इतिहास में सर्वोच्च पद पर आसीन होने वाले सबसे युवा व्यक्ति भी होंगे. पुरानी पार्टियां उन मतदाताओं को भरोसे में लेने में नाकाम रहीं जिनके लिए भ्रष्टाचार से लड़ाई, भाई-भतीजावाद का अंत और देश की राजनीतिक नेतृत्व में पीढ़ीगत बदलाव प्रमुख मुद्दे थे।

आरएसपी नेता इंदिरा राना मगर ने भंग की गई प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष और सीपीएन-यूएमएल के वरिष्ठ नेता देव राज घिमिरे को हराकर झापा-2 से जीत हासिल की. राना मगर ने घिमिरे के खिलाफ 48,742 वोट के भारी अंतर से जीत हासिल की जबकि घिमिरे को 11,368 वोट मिले।

नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष गगन थापा (49) धनुषा-4 निर्वाचन क्षेत्र से आरएसपी के अमरेश सिंह से हार गए. पार्टी ने थापा को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया था. निर्वाचन आयोग के अनुसार, सिंह को 33,688 वोट मिले जबकि थापा को 22,831 वोट मिले।

नेपाली कांग्रेस के महामंत्री गुरु राज घिमिरे, शेखर कोइराला और बिमलेंद्र निधि सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी हार का सामना करना पड़ा. सीपीएन-यूएमएल के महासचिव शंकर पोखरेल समेत पार्टी के दस महासचिव भी चुनाव हार गए।

हार का मुंह देखने वाले सीपीएन-यूएमएल के अन्य नेताओं में उपाध्यक्ष बिष्णु पौडेल, पृथ्वी सुब्बा गुरुंग और गोकर्ण बिस्ता, उप महासचिव रघुबीर महासेठ व सचिव शेरधन राय, महेश बस्नेत, राजन भट्टराई एवं भानुभक्त ढकाल शामिल हैं. श्रम संस्कृति पार्टी के अध्यक्ष हरका राय ने आरएसपी उम्मीदवार गोमा तमांग को हराकर सुनसारी-1 से जीत हासिल की।

आरएसपी अध्यक्ष लामिछाने ने चितवन-2 निर्वाचन क्षेत्र से भारी अंतर से जीत हासिल की, यह उनकी लगातार तीसरी जीत है। उन्होंने 54,402 वोट प्राप्त किए जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी, एनसी की मीना कुमारी खरेल को 14,564 वोट मिले।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, पुष्प कमल दाहाल प्रचंड रुकुम पूर्व में जीत गए हैं. उन्होंने 10,240 वोट हासिल किए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी सीपीएन (यूएमएल) के लीलामणि गौतम को 3,462 वोट मिले।

आरपीपी के ज्ञानेंद्र शाही ने करनाली प्रांत के जुमला निर्वाचन क्षेत्र से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी, एनसीपी के नरेश भंडारी को हराकर जीत हासिल की और राजशाही समर्थक पार्टी के एकमात्र उम्मीदवार बन गए जिन्होंने प्रतिनिधि सभा में सीट हासिल की. इस चुनाव में 10 महिला उम्मीदवार विजयी हुईं – नौ आरएसपी से और एक एनसी से।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, नेपाल में पांच मार्च को हुए प्रतिनिधि सभा के चुनाव में लगभग 60 प्रतिशत मतदान हुआ था. मतों की गिनती गुरुवार देर रात शुरू हुई और रविवार को मतगणना जारी है।

इस बीच, आनुपातिक मतदान प्रणाली में भी आरएसपी 18,15,857 वोटों के साथ आगे है, उसके बाद नेपाली कांग्रेस 6,18,630 वोट के साथ दूसरे स्थान पर है. निर्वाचन आयोग के अनुसार, सीपीएन-यूएमएल को 5,19,353 वोट, नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी को 2,45,804, आरपीपी को 1,31,277 और श्रम संस्कृति पार्टी को 78,072 वोट मिले हैं।

भारत इस चुनाव पर करीब से नजर रख रहा है. वह राजनीतिक रूप से अस्थिर हिमालयी देश में एक स्थिर सरकार की उम्मीद कर रहा है ताकि दोनों पक्षों के बीच विकासात्मक साझेदारी को आगे बढ़ाया जा सके।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को नेपाल की जनता और सरकार को चुनाव के सफल आयोजन के लिए बधाई दी।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *