डिजिटल जनगणना-2027 की तैयारियां तेज

Uttarakhand News

(देहरादून)25फरवरी,2026.

जनगणना-2027 को पहली बार पूर्णतः डिजिटल माध्यम से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
जिस क्रम में आज 25 फरवरी से 27 फरवरी तक आईआरडीटी सभागार, देहरादून में तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें जनगणना से जुड़े अधिकारी, चार्ज अधिकारी, सहायक चार्ज अधिकारी, तकनीकी सहायक और सेन्सस क्लर्क भाग ले रहे हैं।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मोबाइल एप आधारित डेटा संकलन, डिजिटल प्रविष्टि प्रणाली, गोपनीयता मानकों, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्य निष्पादन से संबंधित विस्तृत जानकारी दी जा रही है, ताकि पूरी प्रक्रिया त्रुटिरहित ढंग से पूरी की जा सके।
जनगणना-2027 दो चरणों में आयोजित की जाएगी।

प्रथम चरण 25 अप्रैल से 24 मई 2026 तक चलेगा, जिसमें मकान सूचीकरण और भवन गणना का कार्य घर-घर जाकर किया जाएगा तथा भवन की स्थिति, शौचालय, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी एकत्र की जाएगी। द्वितीय चरण 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक निर्धारित है, जिसमें नागरिकों की गणना की जाएगी, जबकि बर्फबारी वाले क्षेत्रों में यह कार्य 11 से 30 सितंबर 2026 के बीच कराया जाएगा। साथ ही 10 से 24 अप्रैल 2026 तक स्व-गणना की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिसके अंतर्गत परिवार वेब पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे और बाद में उसका सत्यापन प्रगणक द्वारा किया जाएगा।

अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) के.के. मिश्रा ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का दायित्व है और सभी अधिकारी इसे पूरी गंभीरता से निभाएं। इस बार संपूर्ण प्रक्रिया मोबाइल एप आधारित होगी तथा संचालन एवं निगरानी के लिए जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली का उपयोग किया जाएगा। वेब मैपिंग और जियो-टैगिंग के माध्यम से हाउस लिस्टिंग ब्लॉक तैयार कर सीमाओं का सत्यापन सुनिश्चित किया जाएगा। प्रत्येक तहसील और नगर क्षेत्र को एक अलग जनगणना चार्ज के रूप में चिन्हित कर चार्ज अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो कार्य के सफल क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। प्रशिक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान भी किया।
उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा,उप जिलाधिकारी अपर्णा ढौंडियाल, उप निदेशक (जनगणना) तान्या सेठ, जिला प्रभारी प्रदीप यादव एवं कुलदीप चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।(साभार)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *