अपने स्कूल पहुंचे उ.प्र.के सीएम योगी आदित्यनाथ

Uttarakhand News

(देहरादून)7फरवरी,2026.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपराह्न करीब सवा तीन बजे यमकेश्वर स्थित हेलिपैड पर पहुंचे। यहां जन प्रतिनिधियों ने पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया।

यूपी के सीएम योगी आदित्य नाथ ने जनता इंटर कॉलेज यमकेश्वर के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपराह्न करीब सवा तीन बजे यमकेश्वर स्थित हेलिपैड पर पहुंचे। यहां जन प्रतिनिधियों ने पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया। उसके बाद योगी आदित्यनाथ हेलिपैड से कुछ ही दूरी पर स्थित यमकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे।

मंदिर में करीब 10 मिनट तक पूजा-अर्चना की। योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड के सीएम पुष्कर धामी के साथ दोपहर 3:34 बजे जनता इंटर कॉलेज यमकेश्वर पहुंचे और नवनिर्मित विद्यालय भवन का लोकार्पण किया।

वर्ष 1965 में हुई थी विद्यालय की स्थापना
जनता इंटर काॅलेज यमकेश्वर की स्थापना वर्ष 1965 में की गई थी। करीब 45 वर्ष पूर्व योगी आदित्यनाथ इस विद्यालय में खेल के लिए आए थे। दो वर्ष पूर्व विद्यालय के प्रधानाचार्य मनमोहन सिंह ने योगी आदित्य नाथ से विद्यालय के जीर्णोद्धार की मांग की थी। तब योगी आदित्यनाथ अपने गांव पंचूर आए थे।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने विद्यालय के नवनिर्माण के लिए आदित्य बिरला ग्रुप को निर्देशित किया था। करीब 2 करोड़ सीएसआर फंड से विद्यालय के नए भवन का निर्माण हुआ है। नवनिर्मित भवन में 12 कमरे, शौचालय और रसोईघर का निर्माण किया गया है।

योगी ने की उत्तराखंड सरकार और सीएम धामी की तारीफ:
उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के इस ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने पर केंद्र और राज्य सरकार का जो विशेष ध्यान है, उसी के अनुरूप यहां सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। यह देखकर अत्यंत प्रसन्नता होती है कि उत्तराखंड अपनी स्थापना के रजत जयंती वर्ष में प्रवेश करते हुए निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें अध्ययन के साथ-साथ व्यवहारिक ज्ञान पर भी विशेष बल दिया गया है। उत्तराखंड सरकार इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है। कहा कि देवभूमि उत्तराखंड आज धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण करते हुए विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, जो देश के अन्य राज्यों के लिए प्रेरणास्रोत है।
राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और बुनियादी ढांचे के विकास के साथ-साथ सनातन संस्कृति एवं धार्मिक स्थलों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दे रही है।

यमकेश्वर महादेव जैसे पावन क्षेत्र में शिक्षा के आधुनिक केंद्रों का निर्माण यह दर्शाता है कि उत्तराखंड सरकार ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। नवनिर्मित इंटर कॉलेज भवन को उन्होंने क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बताते हुए कहा कि बेहतर शैक्षणिक अधोसंरचना से गांवों में रहकर ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा संभव हो सकेगी।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *