मुख्यमंत्री ने किया “मेरी योजना” पुस्तक का विमोचन, “मेरी योजना उत्तराखंड” पोर्टल का लोकार्पण

Uttarakhand News

(देहरादून)10दिसंबर,2025.

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को आईआरडीटी ऑडिटोरियम, सर्वे चौक में कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग, उत्तराखण्ड द्वारा तैयार की गई ‘मेरी योजना’ पुस्तकों को लेकर आयोजित विचार गोष्ठी में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने मेरी योजना पोर्टल उत्तराखण्ड (myscheme.gov.in) का भी लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “मेरी योजना”, “मेरी योजना- राज्य सरकार” तथा “मेरी योजना – केंद्र सरकार” — इन तीनों संस्करणों के माध्यम से राज्य का प्रत्येक नागरिक केंद्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं की संपूर्ण जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेगा। ये पुस्तकें लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं पात्रता से संबंधित विवरण भी उपलब्ध कराएंगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए उनका लाभ समयबद्ध तरीके से प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुँचाना है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा पारदर्शी और जवाबदेही आधारित नई कार्य संस्कृति की स्थापना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज अधिकांश जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, खेल, पेयजल और हवाई कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित कर रही है। साथ ही ‘वोकल फॉर लोकल’, ‘मेक इन इंडिया’, ‘स्टार्टअप इंडिया’ और ‘विकसित उत्तराखण्ड’ के लक्ष्य के अनुरूप योजनाएं लागू की जा रही हैं, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।

उन्होंने बताया कि ‘एक जनपद, दो उत्पाद’ योजना के माध्यम से स्थानीय लोगों की आजीविका को बढ़ावा मिल रहा है। ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड ने पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। राज्य में ‘स्टेट मिलेट मिशन’, ‘फार्म मशीनरी बैंक’, ‘एप्पल मिशन’, ‘नई पर्यटन एवं फिल्म नीति’, ‘होमस्टे’ और ‘सौर स्वरोजगार योजना’ जैसी योजनाएं भी स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही हैं।

मुख्यमंत्री ने अपील की कि विभिन्न कार्यक्रमों में दिए जाने वाले स्मृति चिन्ह राज्य में निर्मित स्थानीय उत्पादों से ही बनाए जाएं, जिससे कारीगरों, मातृशक्ति और हस्तशिल्पियों को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि वे स्वयं देशभर में कार्यक्रमों के दौरान उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पाद ही भेंट करते हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल, सचिव कार्यक्रम क्रियान्वयन श्री दीपक कुमार, विधायक श्री खजान दास, सेतु आयोग के उपाध्यक्ष श्री राजशेखर जोशी, जनप्रतिनिधिगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *