(देहरादून)02नवंबर,2025.
उत्तराखंड में इगास महोत्सव मनाया गया। देहरादून में मुख्यमंत्री शिविर कार्यालय में आयोजित इगास महोत्सव में सीएम धामी परिवार संग शामिल हुए। राज्यपाल सहित तमाम बड़े नेता भी महोत्सव में पहुंचे। इस दौरान लोकगायक सौरभ मैठाणी के गीतों पर हर कोई झूम उठा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, ईगास पर्व हमारी सांस्कृतिक अस्मिता, लोक आस्था व सामूहिक भावना का प्रतीक है। इस पर्व पर लोक संस्कृति के संरक्षण का संकल्प लेते हैं। रविवार को देर शाम सीएम आवास में ईगास पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोक कलाकारों, गायकों के साथ सांस्कृतिक दलों ने पारंपरिक लोकगीत व लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। हारुल, झूमेलो, चांचरी, थड़िया, जागर व अन्य पारंपरिक नृत्य ने ईगास पर्व को यादगार बनाया।
मुख्यमंत्री व राज्यपाल ने स्वयं भी कलाकारों के बीच उपस्थित होकर उनकी प्रस्तुति का आनंद लिया और उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा, लोक संस्कृति और परंपराएं हमारी सबसे बड़ी धरोहर हैं, उन्हें बचाना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।(साभार एजेंसी)
