(उत्तरकाशी)13अगस्त,2025.
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में धराली और हर्षिल में हाल ही में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के बाद राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चल रहे हैं।
हर्षिल हेलीपैड के निकट भागीरथी नदी पर बनी झील को नियंत्रित तरीके से खोलने के लिए उत्तराखंड जल विद्युत निगम और सिंचाई विभाग की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य 5 अगस्त 2025 से धराली और हर्षिल में डटे हुए हैं।
वे आपदा पीड़ितों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए व्यवस्थाओं का निरंतर निरीक्षण कर रहे हैं। मंगलवार, 12 अगस्त 2025 को जिलाधिकारी ने हर्षिल हेलीपैड पर बनी झील को मैनुअल तरीके से खोलने के कार्य का जायजा लिया और कार्यरत कर्मचारियों के साथ खुद श्रमदान कर उनका हौसला बढ़ाया।
हाल ही में धराली में खीर गंगा के सैलाब ने भारी तबाही मचाई थी, जिसमें बाजार और पांडवकालीन कल्प केदार मंदिर जमींदोज हो गए थे। इस आपदा के बीच समेश्वर देवता मंदिर का सुरक्षित रहना स्थानीय लोगों के लिए आस्था का प्रतीक बना। प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे न जाने और मौसम अलर्ट का पालन करने की अपील की है।