काशी में शुरू हुआ तमिल संगमम् का पांचवां अध्याय

Uttar Pradesh

(वाराणसी,UP)28नवंबर,2026

बाबा विश्वनाथ की पावन नगरी अविनाशी काशी में शुक्रवार को ‘काशी तमिल संगमम्’ के पंचम संस्करण का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन जी एवं केंद्रीय मंत्री श्री प्रह्लाद जोशी जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में तमिलनाडु से आए अतिथियों, विद्वानों और प्रतिनिधियों का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘काशी तमिल संगमम्’ अब भारत की सनातन परंपरा का उत्सव बन गया है। उन्होंने कहा कि यहां भाषाएं अलग-अलग हैं, लेकिन हम सबके भाव एक हैं। परंपराएं विविध हैं, पर संस्कृति एक है। यही तो आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ का लक्ष्य है। काशी और तमिलनाडु का संबंध सदियों पुराना है, जो ज्ञान, भक्ति और संस्कृति के सेतु से जुड़ा हुआ है।

मुख्यमंत्री ने तमिलनाडु से पधारे सभी अतिथियों, विद्वानों एवं प्रतिनिधियों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने इस अभूतपूर्व आयोजन की सफलता हेतु अनंत शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह संगमम् उत्तर और दक्षिण की सांस्कृतिक एकता को और मजबूत करेगा।

इस आयोजन में काशी और तमिलनाडु की कला, साहित्य, संगीत, नृत्य, हस्तशिल्प और खान-पान की झलक देखने को मिलेगी। छात्र, कलाकार, साहित्यकार और श्रद्धालु एक-दूसरे की परंपरा को करीब से जानेंगे। आयोजकों के अनुसार, पंचम संस्करण में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, संगोष्ठी, प्रदर्शनी और भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे दोनों क्षेत्रों के बीच आपसी समझ और भाईचारा और गहरा होगा। (साभार सोशल मीडिया)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *