भारत की जीत से हुई विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की शुरुआत,मलेशिया 4-1 से हारा

National News

(नई दिल्ली)20 नवंबर, 2026

गत विजेता भारत ने गुरुवार को विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में शानदार शुरुआत करते हुए मलेशिया को 4-1 से हरा दिया। भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए मुकाबले में हाफ-टाइम तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं, लेकिन दूसरे हाफ में भारतीय खिलाड़ियों ने तीन गोल दागकर मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। इस जीत के साथ भारत ने अपने पहले राउंड-रॉबिन मुकाबले में पूरे तीन अंक हासिल किए।

मलेशिया ने बनाई बढ़त, मुमताज ने दिलाई बराबरी

मुकाबले के पहले क्वार्टर में दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में मलेशिया की नूरमीरा जुल्किफली ने 19वें मिनट में फील्ड गोल करके अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। हालांकि, भारत ने तुरंत जवाब दिया और अगले ही मिनट मुमताज खान ने गोल करके स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद हाफ-टाइम तक कोई और गोल नहीं हुआ।

कप्तान सलीमा और डेब्यूटेंट पूजा ने दिलाई बढ़त

दूसरे हाफ में भारतीय टीम ने आक्रामक खेल दिखाया। 35वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर के दौरान गोल के सामने हुई हलचल के बीच कप्तान सलीमा टेटे ने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर भारत को 2-1 से आगे कर दिया। इसके चार मिनट बाद 39वें मिनट में भारत को एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिसे डेब्यू कर रहीं पूजा साहू ने गोल में बदलकर टीम की बढ़त 3-1 कर दी। तीसरे क्वार्टर की समाप्ति तक भारत ने दो गोल की बढ़त कायम रखी।

लालरेम्सियामी ने चौथा गोल कर जीत की मुहर लगाई

चौथे क्वार्टर में भारत ने अपनी बढ़त और मजबूत कर ली। 49वें मिनट में लालरेम्सियामी ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील करते हुए भारत के लिए चौथा गोल दागा और स्कोर 4-1 कर दिया। यह मुकाबले का आखिरी गोल साबित हुआ। इस तरह शुरुआती दो क्वार्टर में कड़ी टक्कर के बाद भारतीय टीम ने दूसरे हाफ में दमदार प्रदर्शन करते हुए आसान जीत दर्ज की। डेब्यू मैच में गोल करने वाली पूजा साहू को शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

भोपाल में पहली बार हुआ अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट

इस मुकाबले के साथ भोपाल ने पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी की। टूर्नामेंट के पहले दिन स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा रहा। स्थानीय हॉकी प्रेमियों ने भारतीय टीम का उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग सहित कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

चीन और जापान ने भी दर्ज की जीत

टूर्नामेंट के पहले दिन खेले गए अन्य मुकाबलों में चीन ने थाईलैंड को 7-0 के बड़े अंतर से हराया। वहीं, जापान ने दक्षिण कोरिया को 1-0 से मात दी। जापान के लिए निर्णायक गोल हनामी सैतो ने मुकाबले के 59वें मिनट में किया।

21 नवंबर को दक्षिण कोरिया से भिड़ेगा भारत

टूर्नामेंट में 20 नवंबर को विश्राम दिवस रखा गया है। इसके बाद 21 नवंबर को भारतीय टीम अपने दूसरे राउंड-रॉबिन मुकाबले में दक्षिण कोरिया से भिड़ेगी। भारत की कोशिश मलेशिया के खिलाफ मिली जीत की लय बरकरार रखते हुए खिताब बचाने के अभियान को आगे बढ़ाने की होगी।(साभार एजेंसी)
[1:35 pm, 20/11/2026] Dr Ashok Mishra Ji Msme: विमेंस एशियन

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *