(पिथौरागढ़ )14नवंबर,2026
जनपद पिथौरागढ़ के सीमांत क्षेत्र में काली और गोरी नदियों के संगम पर आयोजित होने वाले ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का आज मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ जिले के लिए 102.72 करोड़ रुपये की 25 विकास योजनाओं की सौगात दी। इन योजनाओं में 102.48 करोड़ रुपये की लागत से 24 योजनाओं का शिलान्यास तथा 24 लाख रुपये की लागत वाली एक योजना का लोकार्पण शामिल है। साथ ही मुख्यमंत्री ने जौलजीबी मेले के आयोजन को और भव्य बनाने के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह ऐतिहासिक जौलजीबी मेला भारत और नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत, आपसी सौहार्द और व्यापारिक संबंधों का जीवंत प्रतीक है। यह मेला सदियों से दोनों देशों के लोगों को सांस्कृतिक और सामाजिक रूप से जोड़ने का काम करता आ रहा है। भारत, नेपाल और तिब्बत के बीच व्यापारिक और सांस्कृतिक संबंधों के इतिहास में इस मेले का विशेष और अहम स्थान रहा है। यह मेला सीमांत क्षेत्र की समृद्ध परंपराओं और लोकसंस्कृति को संरक्षित रखने के साथ ही दोनों देशों के नागरिकों के बीच आत्मीय रिश्तों को और अधिक मजबूत बनाता है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जौलजीबी मेले से उनका बचपन से ही विशेष लगाव रहा है। उन्होंने यहां की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय रीति-रिवाजों को बहुत करीब से देखा और अनुभव किया है। इस प्रकार के आयोजन हमारी सांस्कृतिक पहचान को जीवंत बनाए रखने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण माध्यम हैं। लोक कलाकारों, स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक व्यवसायों को प्रोत्साहन देने में भी इस प्रकार के मेलों की अहम भूमिका होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की यह धरती हमारे पूर्वजों के त्याग, परिश्रम और संघर्ष की अमूल्य विरासत है। इस विरासत को सहेजना और प्रदेश का समग्र विकास करना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखण्ड के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री ने 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखण्ड का दशक बताया है। इस संकल्प को साकार करने के लिए सरकार विकास योजनाओं को जमीन पर उतारने के साथ ही प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए भी पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
सीमांत क्षेत्रों के विकास पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राज्य सरकार की विशेष प्राथमिकता है। इन क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। सीमांत क्षेत्रों में मौजूद प्राकृतिक सौंदर्य, साहसिक पर्यटन और समृद्ध लोकसंस्कृति के जरिए स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलें और स्थानीय स्तर पर ही आजीविका के नए अवसर उपलब्ध हों।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास योजनाओं से जनपद में आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और सीमांत व ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी। खासतौर पर सड़क संपर्क, पेयजल आपूर्ति, आपदा सुरक्षा और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिलेगा तथा आर्थिक गतिविधियों और स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि जौलजीबी जैसे ऐतिहासिक मेले केवल व्यापारिक गतिविधियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये हमारी सांस्कृतिक एकता, सामाजिक समरसता और पारंपरिक संबंधों को मजबूत करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं। भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंध दोनों देशों की साझा विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं। ऐसे आयोजनों से सीमांत क्षेत्रों की सांस्कृतिक पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में काफी मदद मिलती है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनियों और स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा विभागीय गतिविधियों और स्थानीय उत्पादों के बारे में जानकारी प्राप्त की। मेले में भारत और नेपाल के व्यापारियों की सक्रिय सहभागिता रही और पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया।
मुख्यमंत्री द्वारा शिलान्यास की गई प्रमुख योजनाओं में 23.26 करोड़ रुपये की लागत से पिथौरागढ़ में नवीन राज्य अतिथि गृह (सर्किट हाउस) का निर्माण, 13.38 करोड़ रुपये की घाट पंपिंग पेयजल योजना से संबंधित कार्य, 36.10 करोड़ रुपये की खोतिला और घाटधार क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा योजना तथा 8.80 करोड़ रुपये की लागत से रामगंगा नदी पर मोटर सेतु का निर्माण शामिल है। इसके अतिरिक्त सड़क, पेयजल, शिक्षा, पर्यटन, सिंचाई व अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं का भी शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री ने कनालीछीना विकासखंड में संपर्क मार्ग और हिमालय दर्शन शेड से संबंधित कार्यों का लोकार्पण भी किया।
कार्यक्रम को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, विधायक धारचूला हरीश धामी, नगर निगम पिथौरागढ़ की महापौर कल्पना देवलाल, भानुप्रताप सिंह पाल, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, संस्कृतिकर्मी तथा भारत और नेपाल के बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।(साभार सू वि)


