(देहरादून)06नवंबर,2026
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज रिजर्व पुलिस लाइन, देहरादून में आयोजित उत्तराखण्ड पुलिस के राष्ट्रपति पुलिस निशान अलंकरण समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर गृह मंत्री श्री अमित शाह ने पुलिस परेड का निरीक्षण किया और उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस निशान से अलंकृत किया।
राज्य पुलिस बल की 25 वर्षों की सेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के सम्मान में मिला यह निशान ऐतिहासिक उपलब्धि है। उत्तराखण्ड यह सम्मान पाने वाला देश का 16वां राज्य बन गया है।
समारोह में गृह मंत्री ने विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक से सेवानिवृत्त आईजी श्री नारायण सिंह नपलच्याल एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री वंश बहादुर यादव तथा सराहनीय सेवा पदक से एसपी श्री जगदीश चन्द्र, सहायक सेनानायक श्रीमती प्रतिमा भट्ट एवं सेवानिवृत्त उप निरीक्षक श्री सौहकार पुण्डीर को सम्मानित किया। इस दौरान पुलिस के विशेष डाक आवरण और पुलिस पत्रिका का विमोचन भी किया गया।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह प्रदेश के हर अधिकारी-जवान के लिए गौरव का क्षण है। उत्तराखण्ड पुलिस ने सेवा भाव और अनुशासन से विशिष्ट पहचान बनाई है। चारधाम यात्रा, कुंभ जैसे बड़े आयोजनों और आपदाओं में पुलिस की भूमिका सराहनीय है। उन्होंने कहा कि तीन नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन में उत्तराखण्ड ने उल्लेखनीय प्रयास किए हैं और मई 2027 के बाद की एफआईआर में तीन साल में सजा दिलाने का लक्ष्य है।
उन्होंने कर्तव्य के दौरान बलिदान देने वाले 206 जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि 13 हजार से शुरू हुई पुलिस आज 26 हजार से अधिक जवानों की हो गई है और नशामुक्त भारत व साइबर अपराध रोकथाम में सराहनीय कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान राष्ट्रीय मान्यता है। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के समय 96 थाने थे, आज पुलिस में महिला भागीदारी 14 प्रतिशत है। ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान में 7 हजार आरोपी गिरफ्तार और 307 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। सरकार पुलिस को आधुनिक तकनीक और प्रशिक्षण से और सक्षम बना रही है।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, तीरथ सिंह रावत, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ सहित मंत्री, सांसद, विधायक मौजूद रहे। (साभार सू वि)


