मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना में सितंबर-अक्टूबर की 2.84 करोड़ जारी

Uttarakhand News

(देहरादून)04नवंबर,2026

मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत उत्तराखंड सरकार की ओर से पात्र लाभार्थियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया लगातार जारी है। इसी क्रम में महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने आज यमुना कॉलोनी स्थित कैंप कार्यालय में सितंबर और अक्टूबर 2026 माह की धनराशि को सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली (PFMS) के जरिए डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर किया।

विभागीय मंत्री ने बताया कि सितंबर 2026 में प्रदेश के 13 जनपदों के कुल 4,750 लाभार्थियों को 1 करोड़ 42 लाख 50 हजार रुपये की राशि वितरित की गई, जबकि अक्टूबर 2026 में 4,727 लाभार्थियों के खातों में 1 करोड़ 41 लाख 81 हजार रुपये की धनराशि भेजी गई। इस प्रकार दोनों महीनों में कुल 9,477 लाभार्थियों को 2 करोड़ 84 लाख 31 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई।

मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना उन बच्चों के लिए सुरक्षा और संबल का आधार है, जिन्होंने कोरोना महामारी व अन्य विषम परिस्थितियों में अपने माता-पिता अथवा संरक्षक को खोया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार इन बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए संकल्पबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र बच्चा आर्थिक तंगी के कारण शिक्षा, पोषण और बेहतर जीवन के अवसरों से वंचित न रहे।

इसी उद्देश्य से योजना के अंतर्गत प्रतिमाह 3,000 रुपये की सहायता राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है। विभाग यह सुनिश्चित कर रहा है कि पात्र बच्चों को योजना का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से प्राप्त हो।

मंत्री ने जानकारी दी कि जिला स्तरीय समिति द्वारा योजना के तहत कुल 6,544 बच्चों को अनुमोदित किया गया है। सितंबर 2026 में 30 और अक्टूबर 2026 में 23 बच्चों ने 21 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली। योजना शुरू होने से लेकर अब तक 1,565 बच्चे 21 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके हैं। वहीं मृत्यु, नौकरी लगने, माता-पिता के पुनर्विवाह और लाभार्थी के विवाह सहित अन्य कारणों से 252 बच्चे योजना से बाहर हो गए हैं। इस तरह योजना से बाहर होने वाले बच्चों की कुल संख्या 1,817 हो गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के माध्यम से राज्य सरकार जरूरतमंद और प्रभावित बच्चों को आर्थिक सहारा देने के साथ उनके पालन-पोषण, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना की शुरुआत कोविड-19 महामारी और अन्य बीमारियों के चलते माता-पिता या अभिभावक को खोने वाले बच्चों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए की गई थी। योजना के तहत 1 मार्च 2020 से 31 मार्च 2022 के बीच प्रभावित हुए पात्र बच्चों को 21 वर्ष की आयु पूरी होने तक प्रतिमाह 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता और भरण-पोषण भत्ता दिया जा रहा है।

जनपदवार वितरित धनराशि का ब्यौरा

सितंबर और अक्टूबर 2026 में अल्मोड़ा में 17.01 लाख, बागेश्वर में 5.07 लाख, चमोली में 6.06 लाख, चंपावत में 14.76 लाख, देहरादून में 40.70 लाख, हरिद्वार में 34.98 लाख, नैनीताल में 28.29 लाख, पौड़ी गढ़वाल में 26.58 लाख, पिथौरागढ़ में 9.30 लाख, रुद्रप्रयाग में 11.16 लाख, टिहरी गढ़वाल में 38.07 लाख, ऊधमसिंह नगर में 37.80 लाख और उत्तरकाशी में 14.16 लाख रुपये की राशि वितरित की गई। इस अवसर पर सीपीओ अंजना गुप्ता, डिप्टी सीपीओ राजीव नयन तिवारी आदि मौजूद रहे।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *