सीएम धामी ने किया विकसित उत्तराखंड विजन-2047 का विमोचन

Uttarakhand News

(देहरादून )02 नवंबर 2026।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्य सेवक सदन में दो बड़ी पहलों का शुभारंभ किया। उन्होंने ‘देवभूमि परिवार पोर्टल’ लॉन्च किया और ‘विकसित उत्तराखंड विजन-2047’ का विमोचन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की सफलता योजनाएं बनाने में नहीं, बल्कि उनका लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने में है। अक्सर जानकारी के अभाव में लोग योजनाओं से वंचित रह जाते हैं और एक ही कागज के लिए विभागों के चक्कर काटते हैं। देवभूमि परिवार पोर्टल से यह परेशानी खत्म होगी।

इस पोर्टल पर प्रदेश के हर परिवार का एकीकृत डिजिटल डेटाबेस बनेगा। पंजीकरण के बाद हर परिवार को एक विशिष्ट ‘देवभूमि परिवार आईडी’ मिलेगी। इससे बार-बार दस्तावेज देने की जरूरत नहीं पड़ेगी और योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शी होगा। इसके लिए राज्य स्तर पर प्राधिकरण और जिले स्तर पर जिला अधिकारी की व्यवस्था होगी।

इस अवसर पर सीएम ने विजन-2047 को प्रदेश के भविष्य का रोडमैप बताया। उन्होंने कहा कि यह पीएम मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य से प्रेरित है। विजन में 2047 तक प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 28 लाख करोड़ और प्रति व्यक्ति आय को 20 लाख रुपये तक ले जाने का लक्ष्य है। बेरोजगारी को 3.5% और गरीबी को 0.61% तक लाने, ऊर्जा क्षमता 22 हजार मेगावाट और वन आच्छादन 46.6% करने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड का विकास ‘प्रकृति के साथ प्रगति’ मॉडल पर होगा। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।(साभार सू वि)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *