उत्तराखंड कौथिग का रंगारंग आगाज

Uttarakhand News

(देहरादून)31अक्टूबर,2026

देहरादून के रेंजर्स ग्राउंड में उत्तराखंड कौथिग-2026 की धूम रही। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मेले का शुभारंभ कर अखिल गढ़वाल सभा की पहल को सराहा।

सीएम धामी ने कहा कि देवभूमि की असली ताकत उसकी लोक परंपराएं हैं। बोली, गीत, नृत्य, पहनावा और मेले-पर्व ही हमारी जड़ों को मजबूत करते हैं। इन्हें सहेजना और अगली पीढ़ी तक ले जाना हम सबकी जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि कौथिग जैसे उत्सव युवाओं को अपनी मिट्टी से जोड़ने का सेतु हैं। यहां लगे जैविक उत्पाद, हथकरघा और पहाड़ी खानपान के स्टॉल लोकल को ग्लोबल बना रहे हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद आत्मनिर्भर उत्तराखंड की मिसाल हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र के सहयोग से राज्य ‘विकास और विरासत’ दोनों को साथ लेकर चल रहा है। चारधाम पुनर्निर्माण, वाइब्रेंट विलेज योजना और सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार इसी का हिस्सा है।

रोजगार पर सीएम ने कहा कि सरकार पलायन रोकने के लिए गांव में ही अवसर पैदा कर रही है। एक जिला दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, होम स्टे, वेडिंग डेस्टिनेशन और विंटर टूरिज्म से हजारों युवाओं को काम मिल रहा है। लखपति दीदी योजना में तीन लाख से ज्यादा महिलाएं सशक्त हुई हैं।

इस दौरान मंत्री खजान दास, प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी, संगीता ढौंडियाल समेत कई सांस्कृतिक हस्तियां मौजूद रहीं।(साभार सू वि)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *