पंतनगर किसान मेला 03 अक्टूबर से

Uttarakhand News

(देहरादून)29सितंबर,2026

पंतनगर स्थित पंतनगर विवि के कुलपति डॉ. एसके कश्यप ने बताया कि तीन से छह अक्तूबर तक आयोजित होने वाले 120वें अखिल भारतीय किसान मेले एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस वर्ष किसान मेले की थीम स्मार्ट खेती, स्वस्थ धरती, समृद्ध किसान है। मेले का उद्घाटन राज्यपाल करेंगे।

कुलपति की अध्यक्षता में हुई प्रेसवार्ता में उन्होंने बताया कि मेले में आधुनिक कृषि तकनीकों के स प्राकृतिक खेती, उन्नत बीज, कृषि यंत्र, ड्रोन तकनीक, कृोष स्टार्टअप और पारंपरिक फसलों के संरक्षण पर विशेष जोर दिया जाएगा। मेले में बड़े व छोटे 400 से अधिक स्टॉल लगाए जाने की संभावना है। इन स्टॉलों के माध्यम से किसानों को कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों से जुड़ी नवीन तकनीकों, उत्पादों, कृषि यंत्रों, बीजों व उपयोगी सेवाओं की जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने बतया कि गेहूं, मक्का, मटर, तिलहनी फसलों सहित विभिन्न फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। इस बार मेले में शोध आधारित नवोन्मेशी, पारंपरिक खेती की विधियों व बीजों के संरक्षण और एग्री-स्टार्टअप संबंधी तीन स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इनमें कृषि क्षेत्र के नवाचारों, पारंपरिक कृषि पद्धतियों और आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। कुलपति ने कहा कि विवि का उद्देश्य वैज्ञानिक शोध को खेतों तक पहुंचाने के साथ युवाओं को कृषि आधारित रोजगार व उद्यमिता से जोड़ना भी है। इस दौरान निदेशक संचार डॉ. जेपी जायसवाल, डॉ. एसके वर्मा, डॉ. आरपी सिंह, डॉ. बृजेश सिंह, डॉ. एएस नैन, डॉ. अरविंद त्यागी, डॉ. अजय कुमार, डॉ. अर्पिता कांडपाल आदि मौजूद रहे।

मेले में बिक्री के लिए उपलब्ध होगा डेढ़ गुना बीज:
निदेशक शोध डॉ. एसके वर्मा ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में विभिन्न फसलों का डेढ़ गुना प्रजनक बीज तैयार किया गया है। गेहूं की विभिन्न प्रजातियों का 2039 क्विंटल, जौ का पांच क्विंटल, मसूर का 50 क्विंटल, चना का 26 क्विंटल और तिलहन का 100 क्विंटल प्रजनक बीज के अलावा उद्यान एवं वानिकी वृक्षों के पौध और सब्जियों के विभिन्न फसलों के बीज उपलब्ध रहेंगे। इन बीजों की मूल कीमत पर 15 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाएगी। इसके अलावा सीजीएम फार्म डॉ. आरपी सिंह ने बताया कि उनके यहां गेहूं की विभिन्न प्रजातियों का बीज तैयार किया गया है जो आधारीय, प्रमाणित और टीएल बीज के रूप में उपलब्ध कराया जाएगा(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *