(देहरादून)08अगस्त,2026.
उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के चलते अगले दो दिनों में कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ अत्यंत तीव्र वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार 9 अगस्त को बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चमोली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान राज्य के अन्य पर्वतीय जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज वर्षा और आकाशीय बिजली की संभावना है। देहरादून, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चम्पावत में कहीं-कहीं भारी वर्षा तथा हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
10 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चम्पावत में भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ गरज-चमक और अत्यंत तीव्र वर्षा की आशंका है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंहनगर में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलों को सतर्क रहने और 24×7 अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। संबंधित विभागों को आवश्यक संसाधन एवं उपकरण तैयार रखने तथा सड़क मार्ग बाधित होने की स्थिति में तत्काल मार्ग खोलने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
अधिकारियों और कर्मचारियों को मौसम की इस अवधि में मोबाइल फोन स्विच ऑफ न करने, आवश्यक सुरक्षा उपकरण साथ रखने और किसी भी आपदा की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों एवं राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
सचिव विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों, गदेरों और बरसाती नालों के आसपास न जाएं, जलभराव वाले स्थानों और कमजोर पुलों को पार करने से बचें। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और पत्थर गिरने की आशंका वाले मार्गों पर विशेष सावधानी बरतें तथा मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा को टालें।(साभार)
