हल्द्वानी में बनेगा “सिल्क पार्क”

Uttarakhand News

(देहरादून)31जुलाई,2026.

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को अपने कैंप कार्यालय में रेशम विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रदेश में रेशम उद्योग को नई गति देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में रेशम निदेशक प्रदीप कुमार ने विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी।

कृषि मंत्री ने कुमाऊं मंडल के हल्द्वानी (जनपद नैनीताल) में सिल्क पार्क स्थापित करने की संभावनाओं का व्यवहार्यता अध्ययन (फिजिबिलिटी स्टडी) कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिल्क पार्क की स्थापना से रेशम उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इससे रेशम कीटपालकों और किसानों को भी सीधा लाभ मिलेगा।

गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेशम कीटपालकों को आधुनिक तकनीकों, वैज्ञानिक पद्धतियों और नवाचारों से जोड़ते हुए अधिक उत्पादन के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि बेहतर प्रशिक्षण और उन्नत तकनीक के माध्यम से रेशम उत्पादन की गुणवत्ता और उत्पादकता बढ़ाई जाए, ताकि उत्तराखंड का रेशम उद्योग नई ऊंचाइयों तक पहुंच सके।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि मानसून काल के दौरान चलाए जा रहे शहतूत वृक्षारोपण अभियान के तहत प्रदेश में 2 लाख से अधिक शहतूत के पौधे लगाए जा चुके हैं। विभाग के अनुसार यह अभियान भविष्य में रेशम उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।(साभार)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *