योग अनुदेशकों का मानदेय होगा दोगुना

Uttarakhand News

(देहरादून)23जुलाई,2026

देहरादून। प्रदेश के आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष में राष्ट्रीय आयुष मिशन की समीक्षा बैठक करते हुए विभागीय अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आयुष सेवाओं को सुदृढ़ बनाने और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करने के लिए योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए।
बैठक में मंत्री ने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में कार्यरत योग अनुदेशकों का मानदेय वर्तमान 250 रुपये प्रति घंटा से बढ़ाकर 500 रुपये प्रति घंटा किए जाने के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार को भेजने के निर्देश दिए।

मदन कौशिक ने हरिद्वार जनपद के रुड़की में एलोपैथिक विभाग के नए भवन के निर्माण के बाद पुराने भवन को आयुष विभाग को हस्तांतरित कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। साथ ही हरिद्वार स्थित ऋषिकुल और गुरुकुल आयुर्वेद मेडिकल कॉलेजों के उच्चीकरण के लिए राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत प्रस्ताव तैयार करने तथा प्रदेश के दो पर्वतीय जिलों में नए आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में कार्य शुरू करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने पिरान कलियर में यूनानी चिकित्सालय के लिए भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज करने और भवन निर्माण के लिए बजट प्रस्ताव तैयार करने को कहा। वहीं जाखनीधार स्थित 50 बेड अस्पताल के पुनर्निर्माण कार्यों में अनियमितताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच समिति गठित करने और कार्यदायी संस्था से वसूली योग्य राशि वापस लेने के निर्देश दिए।

आयुष मंत्री ने पीपलकोटी स्थित जर्जर आयुष्मान आरोग्य मंदिर भवन के स्टाफ को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए संबंधित जिलाधिकारी से समन्वय स्थापित करने को कहा। इसके अलावा प्रदेश के सभी आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्रों की सूची उपलब्ध कराने तथा पंचकर्म सहायक, फार्मेसी अधिकारी और योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा सहायकों को एक सप्ताह के भीतर प्रमाण-पत्र वितरित करने के निर्देश दिए।

बैठक में हड़ताल पर रहे कर्मचारी संघ की मांगों पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों से सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए अधिकांश मांगों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग की सचिव रंजना राजगुरु, संयुक्त सचिव महावीर सिंह, निदेशक आर.के. सिंह सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।(साभार)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *